गुजरात में बस नदी में फंसी, 27 तीर्थयात्रियों का रेस्क्यू… UP में रेलवे ट्रैक पर पानी

राष्ट्रीय

गुजरात में भारी बारिश का दौर जारी है। नदी-नाले उफान पर हैं। भावनगर में गुरुवार देर रात ओवरफ्लो मालेश्री नदी में एक बस फंस गई। बस में तमिलनाडु के 27 तीर्थयात्री सहित 29 लोग सवार थे। लोगों को निकालने गया एक ट्रक भी नदी में फंस गया। NDRF और SDRF टीमों ने करीब 8 घंटे मशक्कत के बाद सभी का रेस्क्यू किया।
उत्तर प्रदेश में लखनऊ-वाराणसी समेत 10 शहरों में देर रात तेज बारिश हुई। सुल्तानपुर में रेलवे ट्रैक डूब गया। यहां की गलियों में 2 फीट पानी और सुल्तानपुर में घरों में पानी भर गया। NDRF, SDRF को अलर्ट पर रखा गया है। बिहार में गंगा और कोसी नदी के उफान पर होने के कारण कटिहार में बाढ़ जैसे हालात हैं। यहां 57 स्कूलों की छुट्टी कर दी गई है। पटना के हाथीदह में भी गंगा उफान पर है। ओडिशा के पुरी में तेज बारिश के चलते कोणार्क सूर्य मंदिर का प्रांगण डूब गया। पुरी जिला प्रशासन ने सभी स्कूलों को भी बंद कर दिया है। 24 घंटों में यहां 1.5 इंच बारिश रिकॉर्ड की गई, भुवनेश्वर में भी 1 इंच बारिश हुई। मौसम विभाग ने आज मध्य प्रदेश समेत 8 राज्यों में तेज बारिश का अनुमान जताया है। इनमें से उत्तर प्रदेश, गुजरात, महाराष्ट्र और गोवा में रेड अलर्ट है। मध्य प्रदेश में 10 जिलों में आज तेज बारिश का अनुमान है। राजस्थान में 20 से ज्यादा जिलों के यलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, दूसरी तरफ बीकानेर में गर्मी और तेज हो गई। अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है