तंत्र-मंत्र के दौरान कारोबारी समेत 3 लोगों की मौत, कोरबा में नींबू देकर कमरे में किया बंद

छत्तीसगढ़ : कोरबा जिले से तंत्र-मंत्र के झांसे में आकर तीन लोगों की संदिग्ध मौत का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बुधवार देर रात उरगा थाना क्षेत्र के बरबसपुर स्थित एक स्क्रैप यार्ड के कमरे से तीनों के शव बरामद किए गए। पुलिस ने मुख्य आरोपी, कथित तांत्रिक राजेंद्र कुमार को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की गहन जांच कर रही है। बुधवार देर रात यह घटना सामने आई, जब स्क्रैप यार्ड में तांत्रिक अनुष्ठान चल रहा था। पुलिस के अनुसार, बिलासपुर निवासी कथित तांत्रिक राजेंद्र कुमार अपने तीन साथियों के साथ कोरबा पहुंचा था। तांत्रिक ने दावा किया था कि 5 लाख रुपए को तंत्र-मंत्र के माध्यम से 2.5 करोड़ रुपए में बदल दिया जाएगा, जिसे सभी आपस में बांटेंगे। मृतकों की पहचान इस प्रकार है:

अशरफ मेमन: स्क्रैप व्यवसायी (कोरबा)

सुरेश साहू: निवासी तुलसी नगर (कोरबा)

नीतीश कुमार: निवासी दुर्ग

शुरुआती जांच में सामने आया है कि बुधवार रात करीब 11 बजे स्क्रैप यार्ड में कथित अनुष्ठान शुरू हुआ। तांत्रिक राजेंद्र कुमार ने अशरफ मेमन, सुरेश साहू और नीतीश कुमार को एक-एक कर एक अलग कमरे में बुलाया। उन्हें नींबू दिया गया और जमीन पर रस्सी से घेरा बनाकर कमरे में बंद कर दिया गया। तांत्रिक ने निर्देश दिया कि कमरा 30 मिनट से एक घंटे बाद ही खोला जाए। निर्धारित समय के बाद जब ताला खोला गया, तो तीनों व्यक्ति मृत पाए गए। घबराए हुए साथी उन्हें तुरंत अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद कथित तांत्रिक राजेंद्र कुमार फरार हो गया था, जिसे बाद में पुलिस ने गिरफ्तार कर लियाउसके एक अन्य साथी की तलाश जारी हैकोरबा सीएसपी भूषण एक्का ने बताया कि शुरुआती जांच के आधार पर पुलिस को जहरखुरानी (नशीला पदार्थ देकर लूटने या नुकसान पहुंचाने) का शक गहरा रहा हैमौत का वास्तविक कारण पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा। फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं और यार्ड को सील कर दिया गया है। पुलिस राजेंद्र कुमार और उसके साथियों से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि यह धोखाधड़ी का मामला था या कोई सुनियोजित साजिश।

इस बीच, घटना से नाराज लोगों ने तांत्रिक के साथ आए बिलासपुर निवासी अश्वनी कुर्रे की पिटाई भी कर दी थी। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है, जो तंत्र-मंत्र के नाम पर होने वाली ठगी और अंधविश्वास के खतरनाक नतीजों को उजागर करती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *