दिल्ली : पानी सत्याग्रह कर रही दिल्ली की जल मंत्री आतिशी के मंच के पास नौकरी से निकाले गए बस मार्शल पहुंचकर प्रदर्शन किया। आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं और वहां मौजूद सुरक्षा कर्मियों ने उन्हें किसी तरह से वहां से हटाया। प्रदर्शनकारियों ने आप कार्यकर्ताओं पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। आतिशी शुक्रवार से भोगल में अनशन कर रही हैं। शनिवार दोपहर अचानक कई लोग अनशन स्थल पर पहुंचकर प्रदर्शन करने लगे। उनका कहना था कि उन्हें बसों में मार्शल के रूप में तैनात किया गया था। सरकार ने उन्हें नौकरी से निकाल दिया। वह पिछले आठ माह से आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन दिल्ली सरकार के मंत्री उनकी समस्या सुनने को तैयार नहीं हैं। यदि मंत्री पानी के लिए अनशन कर सकती हैं तो लोगों को रोजगार दिलाने के लिए क्यों नहीं आगे आ रही हैं।
आतिशी के अनशन स्थल पर हंगामा, DTC के पूर्व मार्शलों का प्रदर्शन#DelhiWaterCrisis #BJPProtest #AAP @anchorsapna @jaspreet_k5 pic.twitter.com/MnD6PJ1sEE
— News18 India (@News18India) June 22, 2024
प्रदर्शन कर रही महिलाओं ने आरोप लगाया कि वह शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांग लेकर मंत्री के सामने प्रदर्शन करने पहुंची थीं लेकिन वहां मौजूद लोगों ने उनके साथ मारपीट की। उन्हें भाजपा का एजेंट बताया गया। प्रदर्शनकारियों ने कहा, उन्हें न भाजपा से कोई लेना देना है सिर्फ अपना रोजगार चाहिए।