लोकसभा सीटें 50% बढ़ाने का प्रस्ताव कैबिनेट से मंजूर, 25 साल संख्या नहीं बदलेगी
कैबिनेट ने शुक्रवार को लोकसभा सीटों में 50% बढ़ोतरी के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी। न्यूज एजेंसी PTI के सूत्रों के मुताबिक, पीएम मोदी की अध्यक्षता में सेवा तीर्थ में करीब एक घंटे बैठक चली। इसमें परिसीमन से जुड़े महिला आरक्षण के नए बिल को मंजूरी दी गई। लोकसभा में अभी 543 सीटें हैं। 50% बढ़ोतरी के बाद ये 815 हो जाएंगी। यानी 272 सीटें बढ़ेंगी। बढ़ाई गई सभी सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित की जा सकती हैं। कुल सीटों की यह संख्या अगले 25 साल तक नहीं बदलेगी। नए बिल में कुछ बदलाव किए गए हैं, ताकि परिसीमन के बाद किसी भी राज्य की लोकसभा में सीटों की हिस्सेदारी दूसरे राज्यों के मुकाबले कम न हो। सरकार इसे 30 नवंबर से शुरू हो रहे संसद के विशेष सत्र में पास कराना चाहती है।
केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने विपक्ष से बिल पर बहस में हिस्सा लेने की अपील की है। कांग्रेस का आरोप है कि सरकार परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े बिल पास कराने के लिए धोखे से बहुमत जुटा रही है।
संसद सत्र से पहले कांग्रेस ने अपने सांसदों के लिए व्हिप जारी किया है। संसद सत्र की तैयारी के लिए आज शाम 4:30 बजे दिल्ली में संसदीय रणनीति समूह की बैठक होगी। शनिवार को INDIA ब्लॉक के नेता भी बैठक करेंगे।
