कनाडा की फुटबॉल वर्ल्डकप में पहली जीत, जोनाथन डेविड की हैट्रिक, कतर के 2 प्लेयर्स को रेड कार्ड
कनाडा ने फुटबॉल वर्ल्ड कप में अपनी पहली जीत हासिल की। टीम ने होम फैंस के सामने कतर को ग्रुप-बी मैच में 6-0 के बड़े अंतर से हराया। वैंकूवर के BC पैलेस में शुक्रवार सुबह मिली इस जीत के हीरो जोनाथन डेविड रहे। 26 साल के युवा स्टार ने मैच के इंजरी टाइम के दूसरे मिनट में नाथन सालिबा के पास को हल्के टच से कंट्रोल किया, फिर जोरदार किक लगाकर बॉल को गोल पोस्ट में धकेल दिया। इसी के साथ उन्होंने वर्ल्ड कप में अपनी पहली हैट्रिक पूरी की। वे सुपीरियर प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए।
वे फुटबॉल वर्ल्ड कप में हैट्रिक लगाने वाले कनाडा के पहले खिलाड़ी बने हैं।
डेविड ने मौजूदा वर्ल्ड कप में दूसरी हैट्रिक लगाई है। पहली लियोनेल मेसी ने लगाई थी।
होम ग्राउंड पर वर्ल्डकप हैट्रिक लगाने वाले दूसरे खिलाड़ी हैं। इंग्लैंड के ज्योफ हर्स्ट (1966) पहले हैं।
कनाडा को 16वें मिनट में साइल लारिन के गोल से बढ़त मिली। फिर जोनाथन डेविड ने 29वें मिनट में गोल दागा। उन्होंने पहले हाफ के इंजरी टाइम के तीसरे मिनट में गोलकर स्कोर 3-0 कर दिया।
कतर के 2 प्लेयर्स को रेड कार्ड
33वें मिनट में ताजोन बुकेनन पर फाउल के लिए कतर के होमन अहमद को रेड कार्ड मिला।
51वें मिनट में इस्माइल कोन पर खतरनाक टैकल के बाद अस्सिम मादीबो को रेड कार्ड दिखाया गया।
मादीबो को रेड कार्ड मिलने के बाद कतर की मुश्किलें बढ़ गईं। टीम को आखिरी 49 मिनट 9 प्लेयर्स के साथ खेलना पड़ा। इसी कारण वह कनाडा के हमलों का सामना नहीं कर सकी।
नाथन सालिबा ने 64वें मिनट में फ्री-किक से गोल किया। 75वें मिनट में मोहम्मद मनाई के आत्मघाती गोल से कनाडा की बढ़त 5-0 हो गई। इंजरी टाइम में डेविड ने तीसरा गोल कर हैट्रिक पूरी की और टीम की 6-0 की ऐतिहासिक जीत तय की।
कनाडा के स्ट्राइकर साइल लारिन ने कहा- ‘हमने दुनिया को दिखा दिया कि कनाडा क्या है। हमारे कई खिलाड़ी लगभग गुमनामी से आए हैं, लेकिन हमने अपना जज्बा और लड़ने की क्षमता दिखाई। हमने साबित किया कि हम विश्व मंच पर प्रदर्शन कर सकते हैं।’
‘यह तो सिर्फ शुरुआत है। इस्माइल कोए की चोट दुखद है और भावुक करने वाली भी, लेकिन हम मैदान पर लौटे और अपना काम पूरा किया। कोने हमारे दिमाग में रहेंगे और हम उनके लिए भी खेलेंगे।’
