‘मुझे अपने कप्तान और टीम पर पूरा भरोसा’, पंत के साथ ‘तीखी बहस’ की तस्वीरों के बीच संजीव गोयनका का पोस्ट वायरल

आईपीएल 2026 में दिल्ली कैपिटल्स (DC) के हाथों लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) की 6 विकेट से हार के बाद सोशल मीडिया पर कोहराम मच गया. एक तरफ मैदान के बीचों-बीच टीम के मालिक संजीव गोयनका और कप्तान ऋषभ पंत के बीच हुई ‘तीखी बहस’ की तस्वीरें आग की तरह फैलीं, तो दूसरी तरफ गोयनका के एक हालिया सोशल मीडिया पोस्ट ने पूरी कहानी ही बदल दी है.

मैच खत्म होने के बाद जो विजुअल्स सामने आए, उनमें संजीव गोयनका काफी गुस्से में नजर आ रहे थे. उनके हाव-भाव देखकर फैंस को केएल राहुल वाला पुराना विवाद याद आ गया और सोशल मीडिया पर लोगों ने इसे ‘खिलाड़ियों का अपमान’ बताते हुए गोयनका को ट्रोल करना शुरू कर दिया. क्रिकेट प्रेमियों का तर्क था कि ऐसी बातें ड्रेसिंग रूम के बंद दरवाजों के पीछे होनी चाहिए.

तनावपूर्ण माहौल के बीच संजीव गोयनका ने एक ऐसा पोस्ट साझा किया है, जो अब इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है. इस पोस्ट ने फैंस के गुस्से को शांत करने का काम किया है. गोयनका ने अपने ‘X’ पर लिखा,”यह एक लंबा सीजन है और ऐसे पल किसी सार्थक चीज़ को बनाने का ही हिस्सा होते हैं. मुझे अपने कप्तान और टीम पर पूरा भरोसा है कि वे पूरी मजबूती से वापसी करेंगे. हमारे फ़ैन्स को, आज इकाना में आपके समर्थन के लिए धन्यवाद; हम और भी ज़्यादा मज़बूती से वापसी करेंगे. इस सीज़न में लखनऊ सुपर जायंट्स की कहानी अभी पूरी तरह से लिखी जानी बाकी है.”

गोयनका के इस बयान से साफ है कि मैदान पर दिख रही वह ‘गरमा-गर्मी’ शायद जीत की तड़प और खेल के प्रति जुनून का नतीजा थी, न कि किसी तरह का अपमान. अपने कप्तान ऋषभ पंत पर ‘पूरा भरोसा’ जताकर उन्होंने उन सभी अटकलों पर विराम लगा दिया है, जिनमें टीम के अंदर फूट की बातें कही जा रही थीं.

भले ही दिल्ली के खिलाफ लखनऊ के गेंदबाजों ने 20 अतिरिक्त रन लुटाए हों और बल्लेबाजी लड़खड़ाई हो, लेकिन टीम के मालिक का यह सकारात्मक रुख टीम के मनोबल को बढ़ाने वाला है. अब देखना यह होगा कि इकाना के मैदान पर मिली इस सीख के बाद, पंत की सेना अगले मैच में किस ‘मजबूती’ के साथ पलटवार करती है.