उत्तरप्रदेश : मैनपुरी करहल मार्ग पर दन्नाहार थाना क्षेत्र में अरिंद नदी पुल के निकट तेज रफ्तार डंपर ने कार में टक्कर मार दी। जिससे कार सवार चार लोग घायल हो गए। डंपर की टक्कर कार में लगी तो कार अनियंत्रित होकर पलट गई। तेज धमाका हुआ तो आसपास के लोग मौके पर दौड़ पड़े और कार में सवार लोगों को बाहर निकाल कर जिला अस्पताल भिजवाया। सूचना पाकर पहुंची पुलिस कार और डंपर को थाने ले आई है।
घटना मंगलवार सुबह 11:30 की है। मैनपुरी निवासी सपा व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष वोट सिंह यादव अपने परिवार के साथ आवश्यक कार्य से कस्बा करहल जा रहे थे। जैसे ही उनकी थार कार दन्नाहार थाना क्षेत्र में अरिंद नदी पुल के निकट पहुंची तभी तेज रफ्तार बालू लदे डंपर ने कार में टक्कर मार दी। जिससे कार अनियंत्रित होकर पलट गई। शोरगुल होते ही आसपास के लोग और कीरतपुर पुलिस चौकी के पुलिसकर्मी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से कार सवार लोगों को बाहर निकाला और उन्हें अस्पताल भिजवाया। सपा नेता वोट सिंह को अधिक चोटें आई है। घटना की जानकारी पाकर बड़ी संख्या में सपा नेता और समर्थक जिला अस्पताल पहुंच गए।