महाराष्ट्र में कार 800 फीट गहरी खाई में गिरी, 8 की मौत, मोबाइल से लोकेशन मिली

महाराष्ट्र और कर्नाटक में दो हादसों में 19 लोगों की मौत हो गई। महाराष्ट्र के रायगड में पोलादपुर-महाबलेश्वर रोड के अंबेनली घाट इलाके में रविवार सुबह एसयूवी कार 800 फीट गहरी खाई में गिर गई। घटना में 8 लोगों की मौत हुई है। पीड़ित परिवारों की शिकायत पर पुलिस ने मृतकों के मोबाइल की लास्ट लोकेशन ट्रेस की। तब जाकर घटना की जानकरी मिली। इधर, कर्नाटक के भटकल में रविवार दोपहर टट्टीहक्कल नदी में सीप इकट्ठा करते समय डूबने से एक ही परिवार के 11 लोगों की मौत हो गई।

कुल 14 लोग थे, जिनमें से 3 का रेस्क्यू किया गया था। NDRF के मुताबिक, घटना की जानकारी रविवार शाम 5 बजे मिली थी। 10 शव आज बरामद हुए।

पुलिस ने बताया कि सभी 8 लोग रविवार रात 2 बजे SUV से डापोली के हार्ने से सतारा के लिए रवाना हुए थे। जब वे सतारा नहीं पहुंचे, तो उनके परिजनों ने दोपहर में उनकी तलाश शुरू की। जब कुछ पता नहीं चला तो पुलिस से संपर्क किया। जांच के दौरान कार में सवार लोगों के मोबाइल फोन की लास्ट लोकेशन ट्रेस की गई। सभी की आखिरी लोकेशन पोलादपुर के पास ट्रेस हुई। इसके बाद अंबेनली घाट इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया गया। सोमवार सुबह पुलिस को 800 फीट गहरी खाई में बुरी तरह से क्षतिग्रस्त SUV मिली।

इसके बाद लोकल की रेस्क्यू टीम को बुलाया गया। इसके बाद खाई में उतरा गया। 2 शव रेस्क्यू किए गए। 3 शव की लोकेशन मिली। बाकी शवों की तलाश जारी है। शवों को एहतियात के साथ खाई से निकाला गया।