CG : उफनती पुलिया पार कर रहे 5 दोस्तों की कार बही, गंडई थाना प्रभारी ने जान जोखिम में डालकर किया रेस्क्यू
छत्तीसगढ़ में हो रही मूसलाधार बारिश के बीच खैरागढ़-छुईखदान-गंडाई (KCG) जिले से एक हैरान कर देने वाला और रोंगटे खड़े कर देने वाला मामला सामने आया है। रायपुर और दुर्ग से कान्हा किसली नेशनल पार्क घूमने निकले पांच दोस्तों की कार उफनते नाले के तेज बहाव में बह गई। गनीमत यह रही कि समय रहते गंडई थाना पुलिस और आपातकालीन सेवा डायल-112 की टीम मौके पर पहुंच गई, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया और सभी युवकों की जान बच गई।
मिली जानकारी के मुताबिक, देर रात करीब 3 बजे दनिया पुलिया पार करते वक्त अचानकपानी का जलस्तर और बहाव बेहद तेज हो गया। देखते ही देखते कार तेज धार में बहने लगी। कार में सवार युवाओं ने सूझबूझ दिखाई और खिड़की-दरवाजों से बाहर निकलकर पास मौजूद एक पेड़ की डालियों को पकड़ लिया।
खतरे के बीच फंसे युवाओं ने तुरंत डायल 112 पर सूचना दी। खबर मिलते ही गंडई थाना प्रभारी शिव शंकर गेदले अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। अंधेरे और उफनती नदी की परवाह किए बिना पुलिस टीम ने तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरूकिया और कड़ी मशक्कत के बाद पेड़ पर अटके सभी पांचों युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
क्षेत्र में रुक-रुक कर हो रही तेज बारिश के कारण नदी-नाले उफान पर हैं। पुलिस और जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि जलभराव या उफान वाले पुल-पुलियाओं को पार करने का जोखिम न उठाएं और यात्रा के दौरान विशेष सावधानी बरतें।
