CG : सारंगढ़ में उफनते नाले में बही कार.. 3 लोग तैरकर बचे, 2-3 फीट ऊपर बह रहा पानी

छत्तीसगढ़ : सारंगढ़ में बारिश से उफनते नाले को पार कर रही कार बह गई। कार सवार तीन लोगों ने तैरकर जान बचा ली। तीनों बरमकेला से ओडिशा जा रहे थे। ग्रामीणों ने उन्हें नाला पार नहीं करने की सलाह दी थी। लेकिन उन्होंने नहीं मानी। राजधानी रायपुर में भी बारिश के कारण सड़कों से लेकर गली तक जलमग्न हो गए हैं। यहां के कई इलाकों में सुबह से ही लबालब पानी भरा हुआ दिखाई दिया। जिसके कारण लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं भारी बारिश ने एक बार फिर शहर की रफ़्तार धीमी कर दी है। सारंगढ़ जिले में भी लगातार भारी बारिश हो रही है। यहां के बिलाईगढ़ मुख्यालय में स्थित नाला से 2 फीट ऊपर पानी बह रहा है। जिसके कारण सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, थाना और अन्य कार्यालय में आने जाने का रास्ता बंद हो गया है।

बलौदा बाजार जिले में भी बारिश के चलते जनजीवन अस्त- व्यस्त हो गया है। यहां मंगलवार रात से ही तेज बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, अब तक जिले में दर्ज हुई 758.4 मिमी औसत वर्षा हो चुकी है। जिसमें सबसे अधिक वर्षा सुहेला तहसील में 962.7 मिमी हुई है। वहीं सबसे कम वर्षा सोनाखान तहसील में 632.7 मिमी हुई है।