शाहरुख खान और दीपिका पादुकोण पर राजस्थान में केस दर्ज, Hyundai Alcazar से जुड़ा है मामला

राजस्थान के भरतपुर में बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान और एक्ट्रेस दीपिका पादुकोण के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। आरोप है कि दोनों कलाकार डिफेक्टिव वाहनों की ब्रांडिंग कर रहे हैं। शिकायत में हुंडई कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर अनसो किम, होल टाइम डायरेक्टर और सीओओ तरुण गर्ग और शोरूम मालिकों के नाम भी शामिल हैं। यह पूरा मामला हुंडई अल्कजार से जुड़ा है। भरतपुर निवासी वकील कीर्ति सिंह की याचिका पर कोर्ट ने एफआईआर दर्ज करने के आदेश दिए। मथुरा गेट थाने में केस दर्ज होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। सिंह का कहना है कि उन्होंने जून 2022 में 23.97 लाख रुपए की कीमत पर एक कार खरीदी थी। इस वाहन के लिए उन्होंने HDB फाइनेंशियल सर्विसेज से लोन लिया था और बाकी राशि नकद दी थी। 14 जून 2022 को कंपनी ने कार की डिलीवरी दी।

वकील का आरोप है कि हाईवे पर ओवरटेक करते समय कार पिकअप नहीं लेती, सिर्फ आरपीएम बढ़ता है और ओडोमीटर पर मालफंक्शन का साइन दिखने लगता है। छह-सात महीने बाद कार में तकनीकी खराबियां और बढ़ गईं। शिकायतकर्ता के अनुसार, एजेंसी ने बताया कि यह समस्या मैन्युफैक्चरिंग डिफेक्ट है, जिसका स्थायी समाधान संभव नहीं है। उन्हें सलाह दी गई कि समस्या आने पर कार को सेफ जोन में खड़ा कर 2000 आरपीएम पर एक घंटे तक चलाया जाए, तब इंजन मैनेजमेंट सिस्टम की खराबी का साइन हट जाएगा। कीर्ति सिंह ने एफआईआर में कहा कि शाहरुख खान और दीपिका पादुकोण भी कंपनी के प्रतिनिधियों की तरह ही बराबर के आरोपी हैं।