CGPSC अभ्यर्थियों को बड़ा झटका, टाला गया सिविल सर्विस एग्जाम का इंटरव्यू
छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) की तरफ से स्टेट सिविल सर्विस एग्जाम 2025 के तहत होने वाले डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन और इंटरव्यू प्रोसेस को टाल दिया गया है. इसका कोई स्पष्ट कारण भी नहीं बताया गया है. ये फैसला इंटरव्यू शुरू होने से महज चार दिन पहले लिया गया है, ऐसे में अभ्यर्थियों के लिए ये किसी असमंजस जैसी स्थिति है. ये भर्ती प्रक्रिया छत्तीसगढ़ सरकार के 20 विभागों में कुल 265 पदों को भरने के लिए चलाई जा रही है. बताया गया है कि अब डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन और इंटरव्यू के लिए नई तारीखों का ऐलान किया जाएगा.
एक आधिकारिक नोटिस में आयोग ने कहा कि 20 सितंबर से 1 अक्टूबर तक होने वाले डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन और इंटरव्यू की नई तारीखों की घोषणा आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर की जाएगी. उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वो नए शेड्यूल के लिए लगातार आयोग की वेबसाइट चेक करते रहें. इस साल 22 फरवरी 2026 को छत्तीसगढ़ के तमाम जिलों में ये परीक्षा आयोजित की गई थी.
विपक्ष की मांग के बीच लिया गया फैसला
CGPSC की तरफ से ये फैसला विपक्ष की उस मांग के बीच लिया गया है, जिसमें कहा गया था कि जब तक उम्मीदवारों की तरफ से उठाए गए मुद्दों का पूरा समाधान नहीं हो जाता है, तब तक इंटरव्यू को स्थगित रखा जाए. उम्मीदवार लगातार सिलेक्शन प्रोसेस में ट्रांसपेरेंसी की मांग कर रहे हैं. इन्हीं मांगों को कांग्रेस नेता और पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने भी दोहराया है, जो कुछ इस तरह हैं –
इंटरव्यू कराने से पहले उम्मीदवारों की आंसर शीट्स सार्वजनिक हों
जो उम्मीदवार फेल हुए हैं, उन्हें उनकी कॉपियां मुफ्त में दी जाएं
कॉपियां चेक करने वाले एक्सपर्ट्स के नियम तय हों और मेन्स परीक्षा के मॉडल आंसर जारी कर कॉपियों का दोबारा री-इवैल्यूएशन हो
इंटरव्यू के लिए उम्मीदवारों को बुलाने में 1:3 का अनुपात (एक पद पर तीन उम्मीदवार) का सख्ती से पालन हो
इस भर्ती को लेकर कांग्रेस ने कॉपियों की चेकिंग पर गंभीर सवाल उठाए थे और इंटरव्यू के लिए चुने गए छात्रों की संख्या पर भी सवाल उठाए थे. फिलहाल ये भर्ती प्रक्रिया रुक गई और आगे क्या होता है, इसकी जानकारी किसी के पास नहीं है. चुने गए अभ्यर्थी इस बात को लेकर काफी चिंता में हैं.
