CGPSC प्रीलिम्स.. सवालों ने बढ़ाई उलझन, मॉडरेट से टफ स्तर का रहा पेपर, कटऑफ में गिरावट के संकेत
छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) की राज्य सेवा प्रारंभिक परीक्षा 22 फरवरी को हुई। परीक्षा दो शिफ्ट में हुई। पहली शिफ्ट सुबह 10 बजे से 12 बजे तक और दूसरी शिफ्ट दोपहर 3 बजे से 5 बजे तक। परीक्षा कुल 48 केंद्रों पर आयोजित की गई। पहली शिफ्ट में 19,247 में से 14,658 परीक्षार्थी शामिल हुए। इस तरह पहली शिफ्ट में उपस्थिति लगभग 76.16 प्रतिशत दर्ज की गई। जबकि दूसरी शिफ्ट में 19,247 में से 14,363 परीक्षार्थी उपस्थित रहे।
दूसरी शिफ्ट में उपस्थिति लगभग 74.64 प्रतिशत रही। कुल मिलाकर दोनों शिफ्टों में उपस्थिति औसतन करीब 75 प्रतिशत रही, जबकि लगभग 25 प्रतिशत परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। एक्सपर्ट ने बताया कि राज्य सेवा प्रारंभिक परीक्षा का पहला पेपर (सामान्य अध्ययन) इस साल थोड़ा कठिन रहा। इंडिया जीएस भाग में अर्थव्यवस्था और सामान्य विज्ञान से जुड़े सीधे तथ्यों वाले प्रश्न पूछे गए, जिससे अभ्यर्थी परेशान नजर आए।
वहीं छत्तीसगढ़ जीएस में योजनाओं और कार्यक्रमों, बजट, आर्थिक सर्वेक्षण और करेंट अफेयर्स से जुड़े प्रश्न अपेक्षाकृत कठिन रहे। सी-सैट का पेपर इस बार सामान्य स्तर का रहा। हिंदी और छत्तीसगढ़ी भाषा से केवल 20 प्रश्न पूछे गए। गणित और रीजनिंग के प्रश्न आसान से मध्यम स्तर के थे।
जिन्हें अभ्यास वाले अभ्यर्थी आसानी से हल कर सके। इस कारण सी-सैट में क्वालिफाई करना ज्यादा मुश्किल नहीं दिख रहा। अब परीक्षार्थियों को परिणाम का इंतजार करने के बजाय तुरंत मुख्य परीक्षा की तैयारी शुरू कर देनी चाहिए।
