चहल ने तोड़ा जडेजा का IPL रिकॉर्ड, 7-15 ओवर के फेज में सबसे ज्यादा विकेट, अर्शदीप का 11 बॉल का ओवर
IPL में मंगलवार को पंजाब किंग्स ने गुजरात टाइटंस पर 3 विकेट से जीत दर्ज की। न्यू चंडीगढ़ में हुए इस मैच के दौरान दो रिकॉर्ड बने। युजवेंद्र चहल IPL मैचों के 7 से 15 ओवर के फेज में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बन गए। वहीं अर्शदीप सिंह ने एक ओवर पूरा करने के लिए सबसे ज्यादा गेंद फेंकने के अनचाहे रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। इन दो रिकॉर्ड के अलावा कई ऐसे मोमेंट्स से भी गुजरे जिनकी चर्चा मीडिया और सोशल मीडिया दोनों पर हो रही है। युजवेंद्र चहल ने दो विकेट लिए। उन्होंने शुभमन गिल और जोस बटलर को आउट किया। ये दोनों विकेट 7 से 15 ओवर के बीच आए। चहल अब IPL इतिहास में इस फेज में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बन गए हैं।
अर्शदीप सिंह ने गुजरात के खिलाफ 11 गेंदों का ओवर फेंका। ऐसा गुजरात की पारी के 20वें ओवर में हुआ। अर्शदीप ने इस ओवर में 4 वाइड और 1 नो बॉल फेंकी। इसलिए इसे पूरा करने में उन्हें 11 गेंदें लगीं। ओवर में गुजरात ने 12 रन बनाए। अर्शदीप से पहले मोहम्मद सिराज, तुषार देशपांडे, शार्दूल ठाकुर, संदीप शर्मा और हार्दिक पंड्या भी IPL में 11-11 गेंद का ओवर फेंक चुके हैं। तेज गेंदबाज अशोक शर्मा को गुजरात टाइटंस के लिए IPL डेब्यू का मौका मिला। दूसरी ओर पंजाब किंग्स के कूपर कोनोली ने अपना पहला IPL मैच खेला।
