चंदौली में पुलिस ने पकड़े सोने के दो तस्कर, लग्जरी कार से 3.92 करोड़ का 2.5 किलो सोना बरामद
चंदौली में सदर कोतवाली पुलिस और स्वाट की संयुक्त टीम ने मंगलवार आधी रात के बाद हाईवे पर बड़ी कार्रवाई की। नवहीं की तरफ जाने वाली पुलिया के पास बिहार से उत्तर प्रदेश लाई जा रही सोने की खेप पकड़ी गई। पुलिस ने एक लग्जरी कार की तलाशी ली तो उसके अंदर गियर बॉक्स के नीचे बने गुप्त बॉक्स से 2 किलो 565.720 ग्राम सोने की दो सिल्लियां बरामद हुईं।
बरामद सोने की कीमत करीब 3 करोड़ 92 लाख रुपए बताई जा रही है। पुलिस ने मौके से कार सवार दो लोगों को पकड़ा है। दोनों की पहचान महाराष्ट्र के सांगली जिले के जुबेर मुबारक शेख और हरियाणा के फतेहाबाद जिले के मनीष कुमार के रूप में हुई। दोनों को हिरासत में लेकर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस को पहले से सूचना मिली थी कि एक संदिग्ध व्यक्ति कार के जरिए बिहार से सोने की खेप लेकर उत्तर प्रदेश आने वाला है। सूचना के आधार पर सदर कोतवाली पुलिस और स्वाट की संयुक्त टीम ने हाईवे पर नवहीं की तरफ जाने वाली पुलिया के पास बिहार से आने वाले वाहनों की जांच शुरू कर दी। इसी दौरान संदिग्ध लग्जरी कार को रोककर कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, कार को रोकते ही उसमें सवार दोनों लोगों ने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिसकर्मियों ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया। पूछताछ के बाद पुलिस ने कार की गहन तलाशी ली। जांच के दौरान गियर बॉक्स के नीचे एक अलग से बना बॉक्स दिखाई दिया। उसे खोलने पर भूरे रंग के सेलो टेप से लिपटी सोने की दो सिल्लियां बरामद हुईं।
तस्करी की खेप होने के संदेह में पुलिस ने बरामद सोने का वजन कराया। कुल वजन 2 किलो 565.720 ग्राम निकला। इसकी अनुमानित कीमत करीब 3 करोड़ 92 लाख रुपए बताई गई है। सोना बरामद होने के बाद पुलिस ने मामले की जानकारी संबंधित विभागों को दी।
पुलिस टीम ने बरामदगी की जानकारी इनकम टैक्स विभाग और डीआरआई के अधिकारियों को दी। संबंधित विभाग के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर बरामद सोने को जब्त कर लिया। अब जांच एजेंसियां सोने की खेप के स्रोत और इसे बिहार से उत्तर प्रदेश लाने के पीछे की पूरी कड़ी की जांच कर रही हैं।
दोनों आरोपियों से पूछताछ के आधार पर पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि सोना कहां से लाया गया था और इसे उत्तर प्रदेश में किसे सौंपा जाना था। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जा रही है।
कार्रवाई करने वाली संयुक्त टीम में सदर कोतवाल बिन्देश्वर पाण्डेय, कन्हैया लाल मौर्या, स्वाट प्रभारी राम जन्म यादव समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे। सूचना के बाद हाईवे पर वाहनों की जांच के दौरान टीम ने संदिग्ध कार को पकड़ा और तलाशी में सोने की सिल्लियां बरामद कीं।
पुलिस के अनुसार, मामले की जांच जारी है। बरामद सोने और पकड़े गए दोनों लोगों के संबंध में संबंधित विभागों की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
