मथुरा के जंगलों में गोवंश के अवशेष मिलने से बवाल, गौ भक्तों ने मार्ग जाम किया…

राष्ट्रीय

मथुरा स्थित थाना जैंत क्षेत्र अंतर्गत पीएमवी के जंगलों में दर्जनों मृत गाय के अवशेष मिलने से हड़कंप मच गया। जानकारी मिलने पर घटनास्थल पर पहुंचे गौ भक्तों ने मथुरा वृन्दावन मार्ग के दोनों ओर गोवंश के अवशेष रखकर रोड को जाम कर दिया। सड़क पर बैठे गौ भक्तों ने गौशाला संचालकों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। गौ भक्तों ने आरोप लगाया कि गौशाला संचालक गोवंश के अवशेषों को भूमि में दबाने की बजाए यहां जंगल में फिकवा देते हैं। जिसके चलते गोवंश की दुर्दशा हो रही है। मौके पर पहुंचे प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने जब गोवंश के अवशेषों की स्थिति को देखा तो उनसे आने वाली गंध के कारण उन्हें नाक पर रुमाल रखना पड़ा। आक्रोशित गौ भक्त सुबह से थाना जैंत की नयति पुलिस चौकी क्षेत्र स्थित मथुरा वृन्दावन रोड पर जाम लगाकर बैठ गए। अधिकारियों के लाख समझाने के बाबजूद भी दोपहर के तीन बजे तक वे लोग अपनी मांगों पर अड़े रहे और जाम लगाए रहे। गौ भक्त दोषियों के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। गौ भक्तों द्वारा रोड ब्लॉक करने के कारण मार्ग के दोनों ओर सैकड़ों वाहनों की लम्बी कतारें लग गईं। यात्री मथुरा से वृन्दावन और वृन्दावन से मथुरा जाने के लिए विवश दिखाई दिए।

काफी समय बाद अधिकारियों ने वृन्दावन के पशु चिकित्साधिकारी को मौके पर बुलाया। डॉक्टर गोवंश के टैग एकत्र कर पता लगाने की कोशिश में लग गए कि आखिर यह गोवंश किस गौशाला की हैं। अधिकारियों ने गोवंश को भूमि में दबाने के लिए मौके पर नगर निगम से दो जेसीबी मशीन और नमक भी मंगवा लिया, लेकिन गौ भक्तों ने उन्हें जंगल में प्रवेश ही नहीं करने दिया। वे लोग जेसीबी के आगे झुंड बनाकर खड़े हो गये। तीन बजे तक अधिकारियों के अनुरोध के बाबजूद भी जब गौ भक्त रोड खोलने के लिए नहीं माने। स्थिति इतनी तनावपूर्ण हो गई कि जिलाधिकारी और पुलिस कमांडर भी मौके पर आ गये, लेकिन गौ भक्तों की भीड़ में घुसे कुछ उपद्रवी युवक किसी भी बात पर रोड खोलने को तैयार नहीं हुए।