हवाई यात्रियों पर लगेज चार्ज का बोझ, घरेलू विमानों पर देना होगा 59 फीसदी ज्यादा शुल्क

रायपुर। विमानों में सफर करने वाले यात्रियों पर एक फिर लगेज चार्ज का बोझ डाला गया है। डोमेस्टिक फ्लाइट का संचालन करने वाली इंडिगो ने घरेलू विमानों में बैगेज चार्ज में 59 प्रतिशत की बढ़ोतरी की है। वहीं इंटरनेशनल फ्लाइट में पूर्व निर्धारित दर से तीन गुना से ज्यादा शुल्क तय किया गया है। यात्रियों को सफर के दौरान 15 किलो तक लगेज फ्री ले जाने की सुविधा होती है और उससे ज्यादा वजन पर शुल्क देना होता है। हवाई यात्रा करने वालों के फेयर में उतार-चढ़ाव होना तो आम बात है, मगर इसके अलावा लिए जाने वाला शुल्क अतिरिक्त बोझ के रूप में सामने आता है। सर्वाधिक घरेलू विमान सेवा का संचालन करने वाली इंडिगो ने अपने लगेज शुल्क में बढ़ोतरी की है। यानी यात्रा के दौरान तय क्षमता से ज्यादा सामान ले जाना यात्रियों की जेब पर सीधे असर डाल सकता है।

व्यास ट्रैवल्स के संचालक कीर्ति व्यास ने बताया कि, 15 किलो के बाद अतिरिक्त तीन किलो लगेज के लिए 975 रुपए शुल्क देना पड़ता था। अब इसके लिए 1650 रुपए चुकाने होंगे। इसी तरह बैग का वजन बढ़ने के साथ उसके शुल्क की दरों में भी बदलाव होता जाता है। घरेलू विमानों के साथ इंटरनेशल फ्लाइट में भी यात्रा करने वालों पर भी लगेज शुल्क का भार छह महीने बाद बढ़ा है। रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट से इंटरनेशनल फ्लाइट संचालित नहीं होती, मगर घरेलू उड़ानों की संख्या 30 से अधिक है।

विदेश यात्रियों को एक निर्धारित वजन का सामान अपने साथ ले जाने की छूट होती है। इसके बाद के लगेज का किलो के हिसाब से शुल्क देना होता है। पहले इसके लिए 100 प्रति किलो का लगेज शुल्क तय था। नवंबर में इसे बढ़ाकर 2 सौ रुपए किया गया था और जून में इस चार्ज को 625 रुपए प्रति किलो कर दिया गया है। 625 रुपए के हिसाब से 8 किलो तक फिर 15 से 30 किलो तक के लगेज के लिए 500 रुपए प्रति किलो के हिसाब से शुल्क तय किया गया है।

घरेलू विमानों में इस तरह का शुल्क

किलो             पहले         अब
3                    975         1650
5                  1625         2750
10               3250        5495
20              6500        9990
25              8125         12500
30               9750       14985
40            13000          19200