किन्नर के साथ बनाया रिलेशन, बीवी को दिया धोखा, तीन तलाक दे भागा 3 बच्चों का पिता
उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में एक किन्नर के साथ संबंध होने बाद तीन बच्चों का पिता अपनी बीवी को तीन तलाक देकर फरार हो गया। परेशान महिला ने मुजफ्फरनगर के एसएसपी के यहां गुहार लगाई है। महिला का कहना है कि पति के फरार हो जाने की वजह से वह और उसका परिवार आर्थिक संकट में फंस गया है। महिला की बात सुनकर एसएसपी ने उसे कार्रवाई का आश्वासन दिया है। उधर, इस मामले की पूरे इलाके में चर्चा हो रही है। मुजफ्फरनगर के शहर कोतवाली क्षेत्र के आर्यपुरी मोहल्ले की रहने वाली एक महिला ने पुलिस ऑफिस पहुंचकर बताया कि छह साल पहले उसकी शादी हुई थी। शादी के बाद उनके तीन बच्चे हुए। आरोप है कि पति अक्सर एक किन्नर को अपने साथ घर पर लाता था। पति उसे अपना दोस्त बताता था। लेकिन दोनों की बातचीत और हाव-भाव देखकर महिला को उनके रिश्ते पर शक हुआ। तब महिला ने उन पर थोड़ी नजर रखना शुरू किया। एक दिन पति के मोबाइल में उसे अपने पति और किन्नर की एक आपत्तिजनक फोटो दिखा तो वह हैरान रह गई। महिला ने पुलिस को किन्नर के साथ पति की कई वीडियो भी दिखाए, जिसमें वह गलत तरीके से किन्नर के साथ वीडियो शूट कर रहा था।
महिला का आरोप है कि उसने अपने पति को समझाने की बहुत कोशिश की लेकिन दोनों के संबंध खत्म नहीं हुए। परिवार में किन्नर के चलते कलह बढ़ने लगी। किन्नर से पति के रिश्ते का विरोध करने पर उसके साथ आए दिन मारपीट भी की जाती थी। तब महिला अपने और बच्चों के भविष्य को लेकर परेशान हो गई। इसी बीच एक दिन उसका पति उसे और बच्चों को छोड़कर फरार हो गया। महिला का कहना है कि पति किन्नर के साथ कहीं भाग गया है।
पति के फरार होने के बाद से महिला अधिकारियों के दफ्तरों के चक्कर काट रही है। उसने पुलिस अधिकारियों से अपने पति और ससुराल पक्ष के लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। महिला का कहना है कि पति के किन्नर के साथ फरार हो जाने के बाद से वह और उसका परिवार बुरी तरह आर्थिक संकट में पड़ गया है। बच्चों के पालन-पोषण में दिक्कत आ रही है। वह आगे बच्चों की पढ़ाई-लिखाई कैसे कराएगी यह भी समझ नहीं आ रहा है। उसने पति का पता लगाने की बहुत कोशिश की लेकिन कहीं कुछ पता नहीं चला। महिला की शिकायत सुनकर एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने इस संबंध में जांच और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
