‘मन की बात’ में गूंजा छत्तीसगढ़ के एथलीट अनिमेष कुजूर का नाम, PM Modi ने की तारीफ

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को प्रसारित अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ की 134वीं कड़ी में छत्तीसगढ़ के उभरते अंतरराष्ट्रीय धावक अनिमेष कुजूर का विशेष उल्लेख किया। प्रधानमंत्री ने अनिमेष से बातचीत करते हुए उनकी उपलब्धियों की सराहना की और आगामी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं भी दीं।
अनिमेष कुजूर जशपुर जिले के दुलदुला ब्लाक की खमतरा पंचायत अंतर्गत स्थित गुइटांगर गांव के निवासी हैं। उन्होंने अपनी स्कूली शिक्षा कक्षा छठवीं से बारहवीं तक सैनिक स्कूल अंबिकापुर से पूरी की। उनके पिता अमृत कुजूर अंबिकापुर में और माता रीना कुजूर सूरजपुर में डीएसपी के पद पर कार्यरत हैं।

अनिमेष के पिता अमृत कुजूर के अनुसार, बेटे की खेलों में रुचि बचपन से थी, लेकिन परिवार को प्रारंभिक दौर में उसकी असाधारण क्षमता का अंदाजा नहीं था। विभिन्न प्रतियोगिताओं में लगातार पदक जीतने के बाद परिवार ने उनके खेल करियर को पूरा समर्थन देना शुरू किया। मन की बात कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी ने देश में एथलेटिक्स के बढ़ते स्तर का जिक्र करते हुए हाल ही में रांची में आयोजित राष्ट्रीय दौड़ प्रतियोगिता का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में देशभर के लगभग 800 धावकों ने भाग लिया और चार अलग-अलग रिकॉर्ड टूटे।

प्रधानमंत्री ने 100 मीटर स्पर्धा में तीन बार राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ने वाले गुरिंदरवीर सिंह के साथ-साथ अनिमेष कुजूर को भी बधाई दी। बातचीत के दौरान अनिमेष ने बताया कि वर्तमान में वह 200 मीटर और 400 मीटर दौड़ के राष्ट्रीय रिकॉर्डधारी हैं।

अनिमेष ने प्रधानमंत्री को बताया कि शुरुआती दिनों में उनकी रुचि फुटबॉल में थी। कोविड-19 के बाद उन्होंने दौड़ प्रतियोगिताओं में भाग लेना शुरू किया। जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं की पांच श्रेणियों में स्वर्ण पदक जीतने के बाद उन्होंने राज्य स्तर पर भी 200 और 400 मीटर दौड़ में गोल्ड मेडल हासिल किए। बाद में बिना किसी विशेष कोचिंग के गुवाहाटी में आयोजित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में चौथा स्थान प्राप्त कर उन्होंने अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।

अनिमेष के करियर में वर्ष 2022 महत्वपूर्ण साबित हुआ, जब उन्होंने बिलासपुर में आयोजित अंडर-23 नेशनल एथलेटिक्स प्रतियोगिता में पहला स्वर्ण पदक जीता। इसके बाद जनवरी 2023 में उन्होंने रिलायंस फाउंडेशन एथलेटिक्स से जुड़कर अपने प्रदर्शन को नई दिशा दी।

वर्ष 2025 में उन्हें विदेश में प्रतिस्पर्धा करने का अवसर मिला, जहां उन्होंने कई अंतरराष्ट्रीय रिकॉर्ड अपने नाम किए। अब अनिमेष कुजूर छह जून 2026 को ताइवान में आयोजित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।