मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी छत्तीसगढ़ के निर्माता हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस तरीके से अटल बिहारी वाजपेयी ने छत्तीसगढ़ के विकास के बारे में सोचा था, उसी तरीके से राज्य का विकास हो रहा है और इसके लिए उनका आशीर्वाद लगातार मिल रहा है। सीएम विष्णुदेव साय ने पूर्व पीएम अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने के बाद प्रदर्शनी का शुभारंभ किया। सीएम साय ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि 25 दिसंबर को छत्तीसगढ़ के निर्माता और भारत के पूर्व प्रधानमंत्री की जयंती है। इसे पूरा देश सुशासन दिवस के रूप में मनाता है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इसकी जानकारी देते हुए सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा कि “छत्तीसगढ़ राज्य के निर्माता, पूर्व प्रधानमंत्री, भारत रत्न, परम श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी की स्मृतियों और उनके उल्लेखनीय कार्यों को सहेजने के लिए प्रदेश के सभी 187 नगरीय निकायों में अटल परिसर का निर्माण किया जा रहा है।” उन्होंने आगे लिखा कि “हमने उनकी स्मृति में आगामी वर्ष 2025 को ‘अटल निर्माण वर्ष’ के रूप में मनाने का निर्णय लिया है, जिसमें अधोसंरचना विकास के अनेक महत्वपूर्ण कार्य किए जाएंगे।”
वहीं दूसरी ओर छत्तीसगढ़ का हर बच्चा अब गुरु गोविंद सिंह के साहिबजादों के बलिदान की कहानी पढ़ेगा। राज्य के मुख्यमंत्री साय ने ऐलान किया है कि बच्चों के स्कूल सिलेबस में साहिबजादों जोरावर सिंह और फतेह सिंह के बलिदान की कहानी को शामिल किया जाएगा। वीर बाल दिवस के अवसर पर रायपुर के मेडिकल कॉलेज सभागार में आयोजित बौद्धिक संगोष्ठी को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि “गुरु गोविंद सिंह जी के वीर साहिबजादों, बाबा जोरावर सिंह जी और बाबा फतेह सिंह जी के अमर बलिदान की कहानी अब छत्तीसगढ़ के स्कूली बच्चों को पढ़ाई जाएगी।”