छत्तीसगढ़ में बढ़ेगी गर्मी, 5° तक चढ़ेगा पारा, प्रदेश के कई इलाकों में कल से हीट वेव का अलर्ट

छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी का दौर शुरू हो चुका है और सूरज के तेवर तीखे होने लगे हैं. मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले चार दिनों में प्रदेश के तापमान में भारी बढ़ोतरी होने की आशंका है. अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक का उछाल आ सकता है, जिससे कई जिलों में हीट वेव यानी लू जैसे हालात बन सकते हैं. फिलहाल पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क बना हुआ है और बारिश की कोई संभावना नहीं है. प्रदेश में गर्मी का सबसे ज्यादा असर राजनांदगांव में देखने को मिल रहा है, जहां अधिकतम तापमान 42 डिग्री तक पहुंच गया है. यह फिलहाल राज्य का सबसे गर्म इलाका बना हुआ है. दूसरी ओर, अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 18.2 डिग्री दर्ज किया गया है, जो प्रदेश में सबसे कम रहा. तापमान में अंतर के बाद भी दिन की तपिश ने लोगों को परेशानी में डाल दिया है.

राजधानी रायपुर में भी गर्मी तेजी से बढ़ रही है.मौसम विभाग का अनुमान है कि शहर का अधिकतम तापमान 41 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री के आसपास बना रहेगा. राजधानी में लोगों आने वाले दिनों में तेजी धूप और उमस का सामना करना पड़ सकता है. मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले चार दिनों के भीतर प्रदेशभर में गर्मी और भी प्रचंड रूप लेगी. चूंकि अभी कोई भी मौसमी सिस्टम सक्रिय नहीं है, इसलिए गर्मी को रोकने वाला कोई सिस्टम नहीं है. विभाग के अनुसार, तापमान में 5 डिग्री तक की बढ़ोतरी हो सकती है. प्रदेश के अन्य बड़े शहरों में भी पारा 40 डिग्री के आसपास या उससे ऊपर पहुंच गया है. बिलासपु में अधिकतम तापमान 40.4 डिग्री और दुर्ग में 39.8 डिग्री रिकॉर्ड किया गया है. जगदलपुर में भी पारा 39.1 तक पहुंच चुका है. पेंड्रोरोड और अंबिकापुर जैसे पहाड़ी इलाकों में भी अब गर्मी का असर साफ दिखने लगा है, जहां दिन का तापमान तेजी से बढ़ रहा है.

मौसम विभाग के अनुसार, फिलहाल प्रदेश के किसी भी हिस्से में बारिश होने के आसार नहीं है. पूरा छत्तीसगढ़ ड्राई जोन में है, जिससे हवा में नमी कम और गर्मी का अहसास ज्यादा हो रहा है. मंगलवार को भी पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है और फिलहाल किसी तरह का आधिकारिक रेड या ऑरेंज अलर्ट जारी नहीं किया गया है, लेकिन लू की संभावना बनी हुई है.