छत्तीसगढ़ स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में नवा रायपुर में 4 से 6 नवंबर तक राज्योत्सव का आयोजन होगा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मंगलवार के बताया कि, राज्योत्सव कार्यक्रम नवा रायपुर के ग्राउंड में आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि दीपावली के कारण आयोजन को आगे बढ़ाया गया है। हालांकि 1 तारीख से ही उत्सव का नजारा सरकारी दफ्तरों में दिखने लगेगा। उद्घाटन समारोह में मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव शामिल होंगे। वहीं, अलंकरण समारोह में उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ शामिल होंगे। राज्योत्सव में सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए जाएंगे। इसमें बॉलीवुड सिंगर शान और इंडियन आइडियल के विजेता पवन दीप और अरुणिता कार्यक्रम पेश करेंगी। शासन द्वारा कार्यक्रम की तैयारियां जोरों पर की जा रही है।
छत्तीसगढ़ राज्य का निर्माण 1 नवंबर 2000 को हुआ था। हर साल इसी दिन राज्योत्सव मनाया जाता है। इस बार ‘अमृतकाल- छत्तीसगढ़ विजन @2047’ नाम के इस कार्यक्रम में कई तरह के स्टॉल लगेंगे। प्रदेश सरकार ने एक विजन डॉक्यूमेंट तैयार किया है। इसमें बताया गया है कि 2047 तक कैसे प्रदेश में विकास के काम होंगे।