छत्तीसगढ़ राज्योत्सव…बॉलीवुड सिंगर पलक के गानों पर जमकर झूमे लोग, ‘कौन तुझे यूं प्यार करेगा’ से बांधा समां
नवा रायपुर में राज्योत्सव की पहली शाम बॉलीवुड सिंगर पलक मुच्छल के नाम रही। रविवार को उद्घाटन समारोह के बाद उन्होंने मुख्य मंच पर अपनी प्रस्तुति दी। पलक को सुनने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। मंच पर आते ही दर्शकों ने तालियों और उत्साह के साथ उनका स्वागत किया। पलक ने फिल्म ‘एमएस धोनी’ का लोकप्रिय गाना ‘कौन तुझे यूं प्यार करेगा’ गाकर प्रस्तुति की शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने फिल्म ‘आशिकी-2’ के ‘चाहूं मैं या ना’ और ‘मेरी आशिकी’ जैसे गाने सुनाए। उनकी आवाज में इन गानों को सुनकर दर्शक भी साथ-साथ गुनगुनाते नजर आए। कॉन्सर्ट के दौरान युवाओं ने मोबाइल की फ्लैश लाइट जलाकर उनका उत्साह बढ़ाया।
इसके बाद पलक ने ‘तेरे संग यारा’, ‘सनम तेरी कसम’ और ‘लापता’ जैसे गानों की प्रस्तुति दी। एक के बाद एक लोकप्रिय गीतों से उन्होंने माहौल को संगीतमय बना दिया। दर्शकों ने तालियों के साथ हर गाने का स्वागत किया। कई युवा अपने पसंदीदा गानों को मोबाइल में रिकॉर्ड करते नजर आए।
रोमांटिक गानों के बाद पलक ने फिल्म ‘किक’ का गाना ‘जुम्मे की रात है’ और ‘प्रेम रतन धन पायो’ सुनाया। इन गानों की धुन पर युवा दर्शक अपनी जगह से उठकर झूमने लगे। परिवार के साथ राज्योत्सव देखने पहुंचे लोगों ने भी संगीत का आनंद लिया। पलक की प्रस्तुति के दौरान पूरे पंडाल में उत्साह का माहौल रहा।
राज्योत्सव के पहले दिन मुख्य मंच पर लोकसंगीत और स्थानीय कलाकारों की प्रस्तुतियों के बाद पलक मुच्छल का कार्यक्रम हुआ। तीन दिवसीय राज्योत्सव में आज भी संगीत और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। आज गायिका स्वास्ति मेहुल अपनी प्रस्तुति देंगी, जबकि 3 नवंबर को गायक अभिजीत भट्टाचार्य कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रहेंगे।
