छत्तीसगढ़-इंद्रावती के जलस्तर का 53 साल का रिकॉर्ड टूटा, नाव-हेलिकॉप्टर से 833 को बचाया

छत्तीसगढ़ में चक्रवाती तूफान अर्नब के असर से भारी बारिश के बाद बस्तर की इंद्रावती नदी का जलस्तर 12.39m पहुंच गया। यह 53 साल का रिकॉर्ड है और 9 जुलाई 1973 के 12.18m के पुराने रिकॉर्ड से 21cm ज्यादा है। जगदलपुर में बाढ़ के कारण कई निचले इलाके पानी में डूब गए हैं। ड्रोन तस्वीरों में इन इलाकों में पानी भरा दिखाई दे रहा है। पानी बढ़ने के बाद रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। सोमवार को 833 लोगों को सुरक्षित निकाला गया। इनमें 821 लोगों को नावों से सुरक्षित जगह पहुंचाया गया, जबकि डोंगाघाट में फंसे 12 लोगों को हेलीकॉप्टर से एयरलिफ्ट किया गया। बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए जिले में 65 राहत शिविर बनाए गए हैं। इनमें 8,894 लोग रह रहे हैं।

राजस्थान में वेस्टर्न डिस्टरबेंस के असर से जयपुर, बीकानेर और चूरू में बारिश के साथ ओले गिरे। मौसम बदलने से रात में ठंड बढ़ गई और शेखावाटी में न्यूनतम पारा 20°C से नीचे पहुंच गया। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 2-3 दिनों में पारा 3-4°C बढ़ सकता है।

यूपी में सितंबर के महीने में जनवरी जैसा कोहरा छाया है। अमेठी, रामपुर और बदायूं में मंगलवार सुबह घनी धुंध दिखाई दी। 25 मीटर दूर देखना भी मुश्किल हो गया। लोगों को हल्की ठंड का एहसास हुआ। इधर, राज्य से मानसून की विदाई शुरू हो चुकी है। मुजफ्फरनगर-अलीगढ़ समेत पश्चिमी यूपी के कुछ हिस्सों से यह वापस लौट चुका है। इसके असर से पूरे प्रदेश में भारी बारिश रुक गई है।