छत्तीसगढ़ : अमित शाह का दौरा रद्द, स्मृति ईरानी करेंगी परिवर्तन यात्रा का शुभारंभ…

क्षेत्रीय

केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी कुछ देर में दंतेवाड़ा में परिवर्तन यात्रा को हरी झंडी दिखाएंगी। मां दंतेश्वरी के दर्शन के बाद वे बीजेपी की परिवर्तन यात्रा के पहले चरण का शुभारंभ करेंगी। साथ ही वे जनसभा को भी संबोधित करेंगी।

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का मंगलवार को होने वाला छत्तीसगढ़ दौरा रद्द हो गया है। बताया जा रहा है कि मौसम की खराबी के चलते उनका प्लेन दिल्ली से ही उड़ान नहीं भर सका। प्रदेश में करीब 20 साल बाद होने वाली भाजपा की परिवर्तन यात्रा को पहले गृहमंत्री शाह को हरी झंडी दिखाने वाले थे।

केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री आएंगी छत्तीसगढ़

अमित शाह का दौरा रद्द होने पर केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी दंतेवाड़ा पहुंच रही हैं। भाजपा की ओर ट्वीट कर जानकारी दी गई है कि स्मृति ईरानी मां दंतेश्वरी के आशीर्वाद से परिवर्तन यात्रा का शुभारंभ करेंगी। इस दौरान उनकी तय कार्यक्रम स्थल हाई स्कूल मैदान में जनसभा भी होगी।

प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव कर रहे यात्रा का नेतृत्व

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव इस परिवर्तन यात्रा के पहले चरण का नेतृत्व कर रहे हैं। पहले चरण में यात्रा दंतेवाड़ा से शुरू होनी है। इसका समापन बिलासपुर में होगा। इस दौरान करीब 1728 किमी की यह यात्रा 16 दिन में पूरी की जाएगी। इसमें अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में करीब 45 आम सभाएं, 32 स्वागत सभाएं और 5 रोड शो होंगे। वहीं दूसरे चरण का यात्रा का नेतृत्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल करेंगे।

28 को होगा समापन, प्रधानमंत्री होंगे शामिल

प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने बताया कि, इन दोनों यात्रा का समापन 28 सितंबर को होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समापन कार्यक्रम में शामिल होंगे। दोनों यात्रा करीब 2989 किमी की होगी। अलग-अलग जगह पर भाजपा के राष्ट्रीय से लेकर प्रदेश स्तर के नेता भी शामिल होंगे।