छत्तीसगढ़ व्यापम आबकारी आरक्षक भर्ती, चयन सूची पर 7 दिन में कर सकते है दावा-आपत्ति
आबकारी आरक्षक भर्ती परीक्षा के तहत छत्तीसगढ़ व्यापम द्वारा जारी मेरिट सूची के आधार पर दस्तावेजों का सत्यापन और शारीरिक मापदंड की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। इसके बाद विभाग ने मुख्य सूची और अनुपूरक सूची जारी करते हुए अंतिम चयन परिणाम घोषित कर दिया है। आबकारी विभाग ने बताया है कि चयन परिणाम में अगर किसी भी तरह की गलती जैसे अंक जोड़ने में त्रुटि, टाइपिंग मिस्टेक, मापदंड या प्रक्रिया से जुड़ी कोई समस्या पाई जाती है, तो उसे सुधारा जा सकता है। यह सुधार व्यापम द्वारा दिए गए मूल डाटा के आधार पर किया जाएगा।
विभाग ने यह भी कहा है कि जिन अभ्यर्थियों को अपने चयन परिणाम को लेकर कोई आपत्ति या दावा करना है, वे सूचना जारी होने की तारीख से 7 दिनों के भीतर आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए अभ्यर्थी कार्यालय आबकारी आयुक्त, छत्तीसगढ़, नवा रायपुर अटल नगर में कार्यालय समय में जाकर या ईमेल excise.comm.cg@gov.in के माध्यम से जरूरी दस्तावेजों के साथ आवेदन जमा कर सकते हैं।
विभाग ने साफ कर दिया है कि तय समय-सीमा के बाद मिलने वाली किसी भी दावा-आपत्ति पर विचार नहीं किया जाएगा। सभी प्राप्त आपत्तियों की नियमों के अनुसार जांच की जाएगी और उसके बाद निर्णय लेकर संबंधित अभ्यर्थियों को अलग से जानकारी दी जाएगी।
