छत्तीसगढ़ विधानसभा परिसर में आज कांग्रेस के विधायकों, और एक पत्रकार की खूब बहस हुई। ये विवाद कैमरे पर रिकॉर्ड हो गया। इस पूरी घटना पर पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने नाराजगी जताई है, स्पीकर से शिकायत की है। विधानसभा में कानून व्यवस्था पर विपक्षी कांग्रेस सदस्यों ने स्थगन प्रस्ताव की सूचना दी थी, और फिर सदन में हंगामे के बाद कांग्रेस सदस्य बाहर चले गए। विधानसभा परिसर में गांधी प्रतिमा के सामने प्रदर्शन किया। इसी बीच नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, और पूर्व सीएम भूपेश बघेल से मीडिया कर्मियों ने चर्चा की। इसी बीच सवाल-जवाब के दौरान पत्रकार सुनील नामदेव की पहले भूपेश बघेल, और फिर कांग्रेस के विधायकों अटल श्रीवास्तव व अन्य के साथ बहस हुई। इसकी काफी चर्चा रही।
मीडिया से चर्चा में पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने इसको सुरक्षा में चूक का मामला करार दिया। उन्होंने बताया कि सुनील नामदेव नामक व्यक्ति यहां आया था। उसके पास पत्रकार का पास नहीं था। वह विधायकों के साथ बदतमीजी करने लगा। उन्होंने कहा कि पत्रकारों के बीच में आकर कोई भी व्यक्ति कुछ भी घटना कर सकता है। यह सुरक्षा में चूक का मामला है। पूरे मामले को संज्ञान में लेने का आग्रह किया, और कहा कि इसके लिए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई होनी चाहिए।