CG: रायपुर में आधी-रात मंत्रियों के साथ मुख्यमंत्री ने की बैठक, अचानक बुलावे पर कार्यक्रम छोड़कर पहुंचे मंत्री
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गुरुवार को सभी मंत्रियों को रात 9 बजे CM हाउस बुलाया। अचानक मिले बुलावे से कई मंत्री अपने कार्यक्रम रद्द कर रायपुर पहुंचे। बैठक को लेकर मंत्रिमंडल फेरबदल की चर्चाएं होती रहीं, लेकिन इसे केवल राजनीतिक अटकलें बताया गया। मुख्यमंत्री निवास में बीती रात 09:30 बजे शुरू हुई बैठक देर रात करीब 1 बजकर 40 मिनट पर खत्म हुई. करीब साढ़े चार घंटे चली इस बैठक में सभी मंत्री, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, प्रदेश संगठन मंत्री पवन साय और क्षेत्रीय संगठन मंत्री अजय जामवाल मौजूद रहे. बैठक में मंत्रियों के कामकाज की समीक्षा हुई. सुशासन तिहार को लेकर भी फीडबैक लिया गया. कोरिया हत्याकांड सहित अन्य सामयिक बड़ी घटनाओं और सरकार के कामकाज से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर भी चर्चा हुई. आपराधिक मामलों के मसले पर संगठन के नेताओं के नाराजगी की खबर भी है. बैठक में सत्ता-संगठन के समन्वय को लेकर भी चर्चा हुई. कुछ मंत्रियों के प्रभार वाले जिलों में दौरे कम होने को लेकर भी संगठन के नेताओं ने नाराजगी जताई.
बैठक और मंत्रिमंडल में बदलाव के कयासों को लेकर कैबिनेट मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि सब मुस्कुरा रहे हैं. मंत्रिमंडल में बदलाव की अटकलें सिर्फ कयास हैं. सभी सेफ हैंपूरा छत्तीसगढ़ सेफ है. वहीं बैठक को लेकर डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने कहा कि सत्ता-संगठन की सामान्य हर तीन महीने में होने वाली बैठक थी. प्रभार वाले जिलों में काम समन्वय जैसे विषयों को लेकर चर्चा हुई. कोरिया की घटना बहुत दुखद है. आरोपियों को कड़ी सजा होगी. छत्तीसगढ़ की बेहतरी के लिए जो होगा करेंगे. इसके अलावा उन्होंने मंत्रीमंडल में बदलाव को लेकर कहा कि स्थिति मुख्यमंत्री ही स्पष्ट करेंगे.
