छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कांग्रेस नेता सैम पित्रोदा की चीन के बारे में कथित टिप्पणी को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा है। सीएम साय ने कहा कि यह स्पष्ट है कि विपक्षी पार्टी अलगाववादियों और देश के दुश्मनों के साथ खड़ी है। इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के अध्यक्ष पित्रोदा ने कथित तौर पर कहा था कि वह नहीं समझते कि भारत को चीन से कितना खतरा है और इसे अक्सर बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया जाता है। साय ने पूछा कि क्या पार्टी नेता को निष्कासित करेगी। मुख्यमंत्री साय ने निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस का ‘हाथ’ अलगाववादियों और देश के दुश्मनों के साथ है। पार्टी के विदेशी विंग के प्रमुख पित्रोदा को शायद देश के दुश्मनों के हाथ मजबूत करने के लिए नियुक्त किया गया है। उन्होंने पहले अपनी नस्लवादी टिप्पणियों से भारतीयों का अपमान किया और अब वे विभिन्न मंचों पर भारत के बारे में बार-बार झूठा प्रचार कर रहे हैं। सीएम साय ने कहा कि देश को कमजोर करने की साजिश कर रहे हैं, जो कांग्रेस की अघोषित नीति है। उन्होंने आगे दावा किया कि पित्रोदा के बयानों को उनके निजी विचार कहना कांग्रेस की पूर्व-निर्धारित नीति है। उन्होंने कहा कि पहले अपने नेताओं से बयान दिलवाकर देश के दुश्मनों को खुश करो और फिर उन्हें निजी टिप्पणी कहो। भाजपा नेता ने दावा किया कि ये सभी बयान संबंधित देश (चीन) की सत्तारूढ़ पार्टी के साथ कांग्रेस के आधिकारिक समझौते के कारण दिए गए हैं। सीएम ने सवाल पूछा कि अगर कांग्रेस पित्रोदा के बयान से सहमत नहीं है तो क्या उन्हें पार्टी से निष्कासित नहीं किया जाना चाहिए? अगर उन्हें निष्कासित नहीं किया जाता है तो यह साबित हो जाएगा कि ये बयान कांग्रेस के इशारे पर दिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह की टिप्पणियों को बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।
