मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की रिकार्ड बस्तर यात्रा.. 15 महीने में 31 बार बस्तर का किया दौरा

एक समय बस्तर की पहचान नक्सलवाद और पिछड़ेपन से होती थी, वहीं आज वही बस्तर विकास की नई परिभाषा गढ़ रहा है। और इस परिवर्तन के सूत्रधार हैं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपने महज़ 15 महीनों के कार्यकाल में 31 बार बस्तर का दौरा किया — यह सिर्फ एक संख्या नहीं, यह उस संकल्प की तस्वीर है जो बस्तर के हर गांव, हर जनजातीय परिवार तक विकास पहुंचाने के लिए लिया गया है।
मुख्यमंत्री ने जितनी संजीदगी से बस्तरवासियों की सुध ली, नक्सलियों के खिलाफ उतनी सख्त रुख अपनाया। नतीजा अब सबके सामने है। नक्सली जहां अंतिम सांसें गिन रहे हैं, तो वहीं बस्तर के अंतिम छोर तक विकास की योजनाएं पहुंच रही है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने डेढ़ साल के अपने सफर में बस्तर का जितना दौरा किया है, उतना शायद कोई मुख्यमंत्री पूरे पांच साल में भी नहीं कर पाया हो। 6 जनवरी 2024 को बस्तर के पहले दौरे की बात करें तो सिर्फ 15 महीने में ही मुख्यमंत्री ने बस्तर का 31 बार दौरा किया है। औसतन हर महीने दो बार से भी ज्यादा मुख्यमंत्री ने बस्तर का ना सिर्फ दौरा किया, बल्कि वहां जमीन पर उतरकर बस्तरवासियों के लिए सौगातों की बरसात की।