होली पर बच्ची से मुस्लिम महिला पर गिरा पानी, कट्टरपंथियों ने पीट-पीटकर ली हिंदू युवक की जान
दिल्ली के उत्तम नगर में हस्तसाल पुनर्वासित कालोनी में होली के त्योहार में पानी के गुब्बारे को लेकर हुए विवाद में कट्टरपंथियों ने 26 साल के युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी है। पुलिस ने इस मामले में 4 लोगों को गिरफ्तार किया है और एक नाबालिग को हिरासत में लिया है। घटना के बाद इलाके में सांप्रदायिक तनाव है और गंभीरता को देखते हुए इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। तरुण के परिजन का कहना है कि उनके परिवार की 11 साल की एक बच्ची छत पर होली खेल रही थी। उसी दौरान उसने नीचे खड़े अपने पिता की ओर पानी से भरा गुब्बारा फेंका। लेकिन गुब्बारा सड़क पर गिर गया और उसका पानी पड़ोस के एक परिवार की मुस्लिम महिला पर जा गिरा। तरुण के परिवार का कहना है कि वह महिला दूसरे समुदाय से थी।
पीड़ित परिजन ने TOI से कहा, “हमने तुरंत उनसे माफी माँगी लेकिन उन्होंने हमारी बात नहीं सुनी। इसके बाद उन्होंने अपने रिश्तेदारों को बुला लिया और हमारे साथ झगड़ा शुरू कर दिया।” उन्होंने बताया कि करीब 1 घंटे बाद जब तरुण अपने दोस्त के साथ होली खेलकर बाइक से घर लौट रहा था तो 15–20 लोगों के ने उसे रास्ते में रोक लिया।
परिजन ने बताया कि उन लोगों ने तरुण पर लोहे की रॉड, ईंट, पत्थर और अन्य चीजों से हमला कर दिया। घटना के बाद पीड़िता को अस्पताल में भर्ती कराया गया जहाँ इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस के मुताबिक, तरुण अपने माता-पिता और दो बड़े भाई-बहनों के साथ रहता था। वह डिजिटल मार्केटिंग का कोर्स कर रहा था। पुलिस ने बताया कि उसके पिता नेम चंद मूल रूप से राजस्थान के रहने वाले हैं। वहीं, घटना के चश्मदीदों का कहना है कि आरोपितों ने पीड़ित के घर में घुसकर तोड़फोड़ भी की है।
