11-12 साल के 3-बच्चों ने काटा था दोस्त का सिर, जयपुर में पार्टी के बहाने बुलाकर हत्या की
जयपुर में 10 साल के बच्चे की हत्या के मामले का पुलिस ने रविवार को खुलासा कर दिया है। हत्या करने वाले 3 दोस्तों को पकड़ा गया है, जिनकी उम्र महज 11 और 12 साल है। बहन के लिए गलत बोलने के कारण आरोपी नाराज थे। बदला लेने के लिए आरोपियों ने हत्या का प्लान बनाया। उन्होंने पार्टी के बहाने लड़के को बुलाया और गला घोंटकर हत्या कर दी। फिर चाकू से सिर को धड़ से अलग कर दिया। इसके बाद सिर और धड़ को अलग-अलग जगह फेंककर घर लौट गए। DCP (साउथ) राजर्षि राज वर्मा ने बताया- मुहाना थाना इलाके में 14 जून से लापता अजमत (10) की 25 जून को सिर कटी लाश मिली थी। शव की हालत इतनी खराब थी कि चेहरा पहचानना मुश्किल था। परिजनों ने कपड़ों से पहचान की थी। वह मूल रूप से बिहार के दरभंगा का रहने वाला था।
उन्होंने बताया- पुलिस ने मामले में तीनों नाबालिग लड़कों को गिरफ्तार किया है। इनमें दो सगे भाई और एक उनकी मौसी का लड़का है। 2 आरोपियों की उम्र 11 साल और एक आरोपी की उम्र 12 साल है। आरोपी लड़के अजमत की ही कॉलोनी में रहते हैं। पड़ोसी होने के कारण उनमें दोस्ती थी। बहन के लिए गलत कहने पर हत्या की डीसीपी राजर्षि राज वर्मा ने बताया- आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि अजमत ने उनकी बहन के लिए कुछ गलत कह दिया था, इस बात पर 1 महीने पहले झगड़ा हो गया था। इस बात से नाराज होकर उन्होंने अजमत की हत्या का प्लान बनाया। 14 जून को प्लानिंग के तहत तीनों ने पार्टी के बहाने अजमत को बुलाया।
इसके बाद कुरकुरे और कोल्ड ड्रिंक लेकर नाले की तरफ चले गए। यहां नाले के आगे खुले में बैठकर पार्टी करने की बात कही। चारों ने पहले नाले में बैठकर पार्टी की। इसके बाद तीनों ने अजमत के पैर पकड़कर खींचे तो वह मुंह के बल गिर गया।
चाकू से सिर काटा, फिर अलग-अलग जगह फेंके आरोपियों ने बताया- उन्होंने दुपट्टे से गला घोंटकर अजमत को मार डाला। वह अपने साथ धारदार चाकू लेकर गए थे, जिससे अजमत का सिर काटकर धड़ से अलग कर दिया। इसके बाद धड़ और सिर को अलग-अलग जगह फेंक दिया और अपने घर लौट गए।
डीसीपी ने बताया- हत्या के बाद आरोपी आराम से घूम रहे थे। 25 जून को लाश मिलने के बाद भी दोनों सगे भाई आराम से घूम रहे थे, जबकि उनकी मौसी का लड़का घर से बाहर ही नहीं निकला। इस बात से पुलिस को शक हुआ। पूछताछ में पूरा खुलासा हो गया। उन्होंने बताया- तीनों नाबालिग पहली और दूसरी क्लास तक पढ़े हैं। इसके बाद पढ़ाई छोड़ दी थी।
