पानी से भरे गहरे गड्ढे में डूबने से 3 मासूम बच्चों की मौत, रेलवे निर्माण के बाद खुला छोड़ा गया था गड्ढा

राजनांदगांव से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है. बारिश के पानी से भरे एक गहरे गड्ढे में डूबने से तीन मासूम बच्चों की मौत हो गई. स्कूल से घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की, जिसके बाद तीनों के शव पानी से भरे गड्ढे से बरामद किए गए. घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है. राजनांदगांव जिले के बोरतलाव क्षेत्र में बारिश के पानी से भरे एक तालाबनुमा गड्ढे ने तीन मासूम बच्चों की जान ले ली. जानकारी के अनुसार तीनों बच्चे बोरतलाव के शासकीय प्राथमिक विद्यालय में पढ़ते थे. स्कूल की छुट्टी के बाद जब बच्चे घर नहीं पहुंचे तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की. इसी दौरान ग्रामीणों ने बताया कि बच्चों को आखिरी बार पानी से भरे एक गहरे गड्ढे की ओर जाते देखा गया था.

सूचना मिलने के बाद परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और गड्ढे में तलाश शुरू की. कुछ देर की खोजबीन के बाद तीनों बच्चों के शव पानी से बरामद किए गए. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.

प्राथमिक जानकारी के अनुसार यह गड्ढा रेलवे के निर्माण कार्य के दौरान खोदा गया था, जिसे बाद में खुला ही छोड़ दिया गया. लगातार बारिश के कारण इसमें काफी पानी भर गया था, जो बच्चों के लिए जानलेवा साबित हुआ. पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है. इस दर्दनाक घटना के बाद मृतक बच्चों के परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है. स्थानीय लोगों ने खुले और पानी से भरे ऐसे गड्ढों को तत्काल सुरक्षित कराने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है.