चीन के शख्स ने होटल के कमरे को गंदा करने का बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड… वीडियो वायरल
एक शख्स ने एक होटल के कमरे को इतना गंदा किया है कि कूड़ाघर भी उसके सामने कम नजर आए. खास बात ये है कि ये शख्स इसी कमरे में दो साल से रह रहा था. उसे इस गंदगी से कोई फर्क नहीं पड़ रहा था और आराम से मजे की जिंदगी जी रहा था. ये शख्स चीन का रहने वाला है. दो साल पहले इसने चांगचुन स्थित इस होटल में एक कमरा बुक कराया. तब से वो इसी कमरे में रह रहा था. होटल के कर्मचारियों के अनुसार, वो शायद ही इन दो सालों में कभी कमरे से बाहर निकला. वो खाना-पीना अंदर ही खाता था और दिन भर ऑनलाइन गेम खेलता रहता था.
वायरल वीडियो में कमरे के लगभग हर कोने में अनगिनत गंदे और मुड़े हुए खाने के रैपर, खाली पीने की बोतलें और कैन के साथ ही टेकअवे खाने के डिब्बे ठूंस-ठूंस कर भरे हुए दिखाई दे रहे थे. जमीन पर फैले कचरे के ढेर के नीचे से दो गेमिंग कुर्सियां और एक मेज भी पड़ा हुआ था. बाथरूम भी उतना ही घिनौना था. उसमें सैकड़ों भीगे हुए टॉयलेट पेपर और फेंकी हुई चीज़ें फर्श पर बिखरी पड़ी थीं. यहां तक कि टॉयलेट और वॉश बेसिन भी ढके हुए थे. इस घिनौने वीडियो में एक और बात जुड़ गई थी कि हर जगह गंदगी की मोटी परत जमी हुई थी.
Man checks out from a hotel in China after two years
This is how the hotel room was found…pic.twitter.com/BwZHjx5Jtg
— Defiant L’s (@DefiantLs) December 18, 2025
उसके कमरे की सफाई और कीटाणुनाशक छिड़काव करने में तीन दिन लगे. इसके बावजूद, होटल प्रबंधन ने बताया कि कमरा अभी तक रहने लायक नहीं हो पाया है. किसी और को ये कमरा देने से पहले इसकी मरम्मत और पेंटिंग की आवश्यकता है. यह होटल खासतौर पर ईस्पोर्ट्स खिलाड़ियों को ठहरने की सुविधा देता है, जिसमें कंप्यूटर गेमिंग उपकरण, तेज इंटरनेट और गेमिंग के लिए विशेष कुर्सियां उपलब्ध हैं. होटल प्रबंधन ने बताया कि उस शख्स ने अभी तक अपने 10 दिनों से अधिक के ठहरने का भुगतान नहीं किया है, जो लगभग £300 है. इस वीडियो को देखकर लोग तमाम तरह के रिएक्शन दे रहे हैं.
