BJP सांसद का दावा-नींबू काटकर बारिश रोकी, बोले-कार्यक्रम सफल, अब पानी को गिरना है तो गिरे

बालोद। महतारी वंदन योजना की 31वीं किश्त जारी करने मंगलवार को डौंडीलोहारा पहुंचे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मौजूदगी में उस वक्त सभा का माहौल खासा रोचक हो गया, जब कांकेर सांसद भोजराज नाग ने बारिश रोकने के लिए नींबू काटने और बूढ़ादेव महादेव से प्रार्थना करने का किस्सा सुनाया। सांसद के इस बयान पर मंच पर मौजूद नेताओं और सभा में उपस्थित लोगों के बीच जमकर ठहाके गूंजे।

सभा को संबोधित करते हुए सांसद भोजराज नाग ने कहा कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर मौसम खराब था। उन्होंने बताया कि बीती रात करीब 12 बजे मुख्यमंत्री का प्रोटोकॉल जारी हुआ। मौसम की स्थिति को देखते हुए उन्होंने बूढ़ादेव महादेव से प्रार्थना की और नींबू काटकर पानी रोक दिया।

सांसद ने अपने संबोधन में कहा, “जब मुख्यमंत्री का प्रोटोकॉल रात 12 बजे जारी हुआ, तब मौसम खराब था। मैंने बूढ़ादेव महादेव से प्रार्थना करके और नींबू काटकर पानी को रोक दिया। हमारा कार्यक्रम सफल हुआ है, अब पानी को गिरना है तो गिरे।” सांसद के इस अंदाज और बयान को सुनकर मंच पर मौजूद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय समेत अन्य लोगों के चेहरे पर मुस्कान आ गई और सभा में ठहाके लगने लगे।

सांसद भोजराज नाग ने अपने संबोधन में स्थानीय धार्मिक आस्था और बूढ़ादेव महादेव के प्रति विश्वास का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रार्थना के बाद मौसम ने कार्यक्रम में बाधा नहीं डाली। उन्होंने इसे क्षेत्र की आस्था और ईश्वर की कृपा से जोड़कर प्रस्तुत किया। उनका यह बयान कार्यक्रम के दौरान चर्चा का प्रमुख विषय बन गया।

डौंडीलोहारा में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने महतारी वंदन योजना की 31वीं किश्त जारी की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाएं और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। मुख्यमंत्री के संबोधन के साथ ही योजना के तहत लाभार्थी महिलाओं के खातों में किश्त की राशि हस्तांतरित की गई। वहीं सांसद भोजराज नाग के अनोखे अंदाज में दिए गए बयान ने कार्यक्रम की गंभीर राजनीतिक गतिविधियों के बीच माहौल को कुछ देर के लिए हास्यपूर्ण बना दिया।