हिमाचल के शिमला जिले के रामपुर में बीती रात डेढ़ बजे बादल फटने से भारी तबाही हुई है। रामपुर ब्लॉक की सरतारा पंचायत के कंदार गांव में बादल फटने से प्राथमिक पाठशाला, युवक मंडल सहित लोगों के 6 मकान ढह गए। गनीमत यह रही कि मकान ढहने से पहले ही लोग रात में अपने घरों को छोड़ बाहर भाग गए थे।
बादल फटने के बाद आई बाढ़ से लोगों के 6 से ज्यादा पालतू पशु बाढ़ में बह गए। इससे कई बागवानों के सेब के बगीचे तबाह हुए। कई घरों में पानी घुस गया और आधा दर्जन गाड़ियों को भी इससे नुकसान हुआ है। लोगों ने भाग अपनी जान बचाई। बादल फटने के बाद क्षेत्र के लोग दहशत में है।
मौसम विभाग ने आज व कल के लिए 8 जिलों को भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी कर रखा है। यह अलर्ट चंबा, कांगड़ा, शिमला, कुल्लू, मंडी, बिलासपुर, सोलन व सिरमौर जिले को दिया गया है। इन 2 दिन में कई क्षेत्रों में भारी बारिश व बादल फटने जैसी घटनाएं हो सकती हैं।
इसे देखते हुए जनता को सावधानी बरतने, उफनते नदी नालों के आसपास और लैंडस्लाइड संभावित क्षेत्रों में नहीं जाने तथा गैर जरूरी यात्राएं टालने की एडवाइजारी दी गई है। वहीं ऊना, हमीरपुर, किन्नौर और लाहौल स्पीति जिले में भी तेज बारिश हो सकती है।
रामपुर सब डिवीजन में स्कूलों की छुट्टियां 28 जुलाई तक बढ़ा दी गई हैं। कई जगह मौसम विभाग का अलर्ट देखते हुए तो कुछ जगह SDM ने सड़कें बहाल नहीं होने की वजह से यह निर्णय लिया है। इन आदेशों के तहत हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड से मान्यता प्राप्त सभी निजी व सरकार स्कूल बंद रहेंगे।
रामपुर में बादल फटा, मची तबाही pic.twitter.com/u8i0cHz1mV
— Punjab Kesari-Himachal (@himachalkesari) July 26, 2023