CM विष्णुदेव साय जाएंगे जापान-दक्षिण कोरिया, औद्योगिक विकास पर होगी चर्चा, इन्वेस्टर्स को देंगे बुलावा
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय 21 अगस्त से 10 दिनों के विदेश दौरे पर रवाना होंगे। बतौर मुख्यमंत्री, यह उनकी पहली विदेश यात्रा होगी। इस यात्रा में सीएम साय जापान और दक्षिण कोरिया जाएंगे। जिसमें राज्य के औद्योगिक विकास और विदेशी निवेश को बढ़ावा देने पर खास जोर दिया जाएगा। सीएम के साथ मुख्य सचिव अमिताभ जैन, प्रमुख सचिव सुबोध सिंह और उद्योग सचिव रजत कुमार भी रहेंगे। यह उच्च स्तरीय टीम विदेशी उद्योगपतियों, निवेशकों और इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपर्स से मुलाकात करेगी, जिससे छत्तीसगढ़ में नए उद्योग और रोजगार के अवसर पैदा हो सकें। 21 अगस्त को दिल्ली से रवाना होकर मुख्यमंत्री साय सीधे जापान पहुंचेंगे। वहां वे स्थानीय इंडस्ट्री, टेक्नोलॉजी पार्टनर्स और इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनियों से मुलाकात करेंगे। इन बैठकों का मकसद राज्य में मैन्युफैक्चरिंग, टेक्नोलॉजी ट्रांसफर और ग्रीन एनर्जी प्रोजेक्ट्स को आकर्षित करना है।
जापान के बाद सीएम साय और उनकी टीम दक्षिण कोरिया जाएंगे। यहां ऑटोमोबाइल, शिप बिल्डिंग, आईटी सेक्टर और स्मार्ट सिटी डेवलपमेंट जैसे क्षेत्रों में साझेदारी पर बात होगी। दौरे का समापन 31 अगस्त की शाम को होगा, जब सीएम साय दिल्ली लौटेंगे। उम्मीद है कि इस दौरे के बाद छत्तीसगढ़ सरकार कई बड़े निवेश प्रस्ताव और एमओयू की घोषणा कर सकती है
