महाकाल की नगरी पहुंचे सीएम योगी आदित्यनाथ, किया बाबा का पंचामृत पूजन अभिषेक

राष्ट्रीय

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को इंदौर और उज्जैन में थे। योगी दोपहर 12 बजे इंदौर पहुंचे। यहां वे एयरपोर्ट से हेलिकॉप्टर में बैठकर सीधे उज्जैन के लिए रवाना हुए। उज्जैन पहुंचकर वे सबसे पहले महाकाल लोक पहुंचे। उन्होंने श्री महाकालेश्वर मंदिर में करीब 35 मिनट तक पूजा की। गाय के दूध, घी, दही, शहद, शक्कर, फल के रस से महाकाल का अभिषेक किया। रुद्राक्ष की माला, बिल्व पत्र, मखाने की माला, केसर, चंदन, इत्र अर्पित कर पंचामृत पूजन किया।

महाकालेश्वर की पूजा-अर्चना के दौरान उनके साथ वाल्मीकि धाम के उमेश नाथ महाराज, उच्च शिक्षा मंत्री मोहन यादव, विधायक पारस जैन भी मौजूद हैं। पुजारी रूपम गुरु, नवनीत गुरु ने पूजा कराई। महाकालेश्वर की पूजा के बाद भर्तृहरि की गुफा पहुंचकर दर्शन किए। इसके बाद वे दोपहर 3.30 बजे इंदौर पहुंचे। यहां राजवाडा पर देवी अहिल्या की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने के बाद वे नाथ मंदिर के लिए रवाना हुए।

नाथ मंदिर में योगी ध्वज स्तंभ का अनावरण करेंगे। मंदिर परिसर में 40 फीट का ध्वज स्तंभ बनाया गया है। इसमें नाथ सम्प्रदाय के चिन्ह अंकित हैं। योगी इसके अनावरण के साथ ही माधवनाथ महाराज के दर्शन कर उद्बोधन देंगे। योगी यहां से छत्रपति शिवाजी महाराज के राज्यभिषेक की 350वीं वर्षगांठ पर आयोजित कार्यक्रम में शिवाजी प्रतिमा पहुंचेंगे। वे यहां 20 मिनट रुकेंगे और फिर मुख्य कार्यक्रम में शामिल होने के लिए रवीन्द्र नाट्य गृह जाएंगे। यह कार्यक्रम करीब 4.30 बजे होगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व लोकसभा स्पीकर सुमित्रा महाजन करेगी।