बड़ी खबर : मंदसौर में CM मोहन यादव के हॉट एयर बैलून में लगी आग, टला बड़ा हादसा
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव के साथ एक बड़ा हादसा होने से टल गया. शनिवार को मंदसौर में जब वह हॉट एयर बैलून एक्टिविटी के लिए पहुंचे थे, तभी उनके हॉट एयर बैलून में आग लग गई. हालांकि, इस दौरान उनके साथ मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें तुरंत हॉट एयर बैलून से बाहर निकाला. इसके बाद आग को बुझाया गया. जानकारी के अनुसार मंदसौर में गांधी सागर अभयारण्य है. यहां पर हर वर्ष बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं. शनिवार सुबह मुख्यमंत्री भी हॉट एयर बैलून एक्टिविटी के लिए पहुंचे थे. जब वह बैलून के अंदर थे. तभी हॉट एयर बैलून के नीचले हिस्से में आग लग गई. लेकिन उनकी सुरक्षा में मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत उन्हें बाहर निकाला और फिर आग को बुझाया. हॉट एयर बैलून की देखरेख करने वालों ने बताया कि जिस वक्त मुख्यमंत्री बैलून में सवार हुए थे. उस वक्त हवा की स्पीड 20 किलोमीटर प्रति घंटा थी. ऐसे में बैलून आगे नहीं बढ़ सका. जिसके चलते उसके निचले हिस्से में आग लग गई. मुख्यमंत्री मोहन यादव शुक्रवार को झाबुआ में थे. वहां के बाद वह मंदसौर पहुंचे हैं. झाबुआ में मुख्यमंत्री ने बड़ा एलान किया था. उन्होंने कहा था कि दिवाली के बाद लाडली बहना योजना के तहत मासिक वित्तीय सहायता मौजूदा 1250 रुपये से बढ़ाकर 1500 रुपये कर दी जाएगी.
मंदसौर में जिस हॉट एयर बैलून में सीएम मोहन यादव थे उसी में भड़की आग. सुरक्षाकर्मियों ने सुरक्षित बाहर निकाला…! pic.twitter.com/X1InpZilUY
— Rupesh Mishra (@rupeshmishramp) September 13, 2025
झाबुआ के पेटलावद में एक समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने योजना की 1.26 करोड़ महिला लाभार्थियों के बैंक खातों में 1541 करोड़ रुपये से अधिक की राशि हस्तांतरित की. इस दौरान उन्होंने कहा कि योजना के तहत लाभार्थियों को दिवाली के बाद 1,500 रुपये प्रति माह मिलेंगे. 2028 तक सहायता राशि बढ़ाकर 3,000 रुपये कर दी जाएगी. इस दौरान कांग्रेस पर हमला बोलते हुए यादव ने कहा था कि विपक्षी दल के नेताओं के पेट में दर्द होता है जब हम अपनी बहनों का सम्मान करते हैं.
