सीएम रेवंत को नहीं मिली अमेरिका दौरे की इजाजत, केंद्र की ‘NO’ के बाद लंदन से हैदराबाद लौटेगा डेलिगेशन

तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी की अगुवाई में तेलंगाना राइजिंग डेलिगेशन विदेश दौरे पर है. सीएम रेवंत की अगुवाई में लंदन गए डेलिगेशन को ब्रिटेन से 23 अगस्त को अमेरिका के बोस्टन जाना था. रेवंत रेड्डी की अगुवाई वाले डेलिगेशन को विदेश मंत्रालय ने अमेरिका दौरे की अनुमति देने से इनकार कर दिया है. विदेश मंत्रालय से मंजूरी नहीं मिली, ऐसे में सीएम रेवंत की अगुवाई वाला डेलिगेशन अब 23 अगस्त को लंदन से बोस्टन की जगह हैदराबाद के लिए उड़ान भरेगा. तेलंगाना सरकार ने प्रोटोकॉल के तहत सीएम की अगुवाई वाले डेलिगेशन के ब्रिटेन और अमेरिका दौरे के लिए केंद्र सरकार से अनुमति मांगी थी.

केंद्र सरकार के विदेश मंत्रालय ने तेलंगाना सरकार के अनुरोध पर केवल ब्रिटेन दौरे के लिए ही मंजूरी दी. सीएम की अगुवाई वाले डेलिगेशन के ब्रिटेन पहुंचने के बाद विदेश मंत्रालय की ओर से तेलंगाना सरकार को इस बात की जानकारी दी गई. अनुमति नहीं मिलने के कारण सीएम रेड्डी का अमेरिका दौरा ऐन मौके पर रद्द हो गया.

सीएम रेवंत रेड्डी ने केंद्र सरकार के फैसले पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि उनके दौरे का लक्ष्य नई शिक्षा नीति के तहत दुनिया के बेहतरीन शिक्षण संस्थानों को भारत, तेलंगाना और हैदराबाद लाना था. उन्होंने कहा कि इससे दुनिया के शीर्ष संस्थानों से शिक्षा, कौशल और प्रशिक्षण हासिल करने की युवाओं की आकांक्षा पूरी करने में मदद मिलती. सीएम रेड्डी ने कहा कि राष्ट्र निर्माण और युवाओं के भविष्य के मामले में हमें राजनीति और चुनाव से आगे सोचना चाहिए.

सीएम रेवंत को अमेरिका जाने की इजाजत नहीं मिली. ऐसे में सीएम ने अब अधिकारियों को अमेरिका जाने और प्रस्तावित समझौतों को अमली जामा पहनाने के निर्देश दिए हैं. सीएम रेड्डी ने कहा कि अधिकारियों को हार्वर्ड, मैसाचुसेट्स इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (MIT), नॉर्थईस्टर्न यूनिवर्सिटी और वर्जीनिया टेक जैसे शीर्ष शिक्षण संस्थानों के साथ एमओयू को अंतिम रूप देना चाहिए.

उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य हैदराबाद को वैश्विक ज्ञान का केंद्र बनाना है. उन्होंने कहा कि उस्मानिया यूनिवर्सिटी, हैदराबाद सेंट्रल यूनिवर्सिटी और जेएनटीयू जैसे संस्थानों ने शहर को बेहतरीन मानव संसाधन का केंद्र बनाया है. सीएम रेड्डी ने कहा कि आईआईटी, आईएसबी, IIIT और NALSAR जैसे संस्थानों की शुरुआत से हैदराबाद में बड़ी कंपनियों और उनके ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर (GCC) को आकर्षित करने में मदद मिली.

सीएम रेवंत रेड्डी की अगुवाई में लंदन पहुंचा डेलिगेशन ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी, कैम्ब्रिज यूनिवर्सिटी, लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स, लंदन बिजनेस स्कूल और यूनिवर्सिटी ऑफ लंदन समेत अन्य संस्थानों के शिक्षाविदों से मुलाकात करेगा. इसके अलावा वह ब्रिटेन के प्रमुख खेल संस्थानों और कौशल विकास से जुड़े संस्थानों के प्रतिनिधियों से भी मुलाकात का कार्यक्रम है. सीएम रेवंत ने कहा है कि हैदराबाद शिक्षा का बड़ा केंद्र बनकर उभरे, यही मेरा संकल्प है.