सीएम विजय और तृषा रिसेप्शन में साथ पहुंचे, गौतम अडाणी और पूर्व सीएम जगन रेड्डी से मिले

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री व अभिनेता विजय और एक्ट्रेस तृषा कृष्णन गुरुवार को चेन्नई में आयोजित एक हाई-प्रोफाइल शादी के रिसेप्शन में एक साथ पहुंचे। दोनों कलाकार आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री वाईएस जगन मोहन रेड्डी के चचेरे भाई वाईएस अनिल रेड्डी की बेटी की शादी में शामिल होने पहुंचे थे। इस दौरान विजय की मां शोभा चंद्रशेखर भी उनके साथ मौजूद रहीं। विजय और तृषा ने नए कपल को मंच पर एक साथ जाकर शुभकामनाएं दी।

समारोह में अभिनेता विजय ब्राउन रंग के सूट में पहुंचे, वहीं तृषा कृष्णन गुलाबी रंग की साड़ी पहने नजर आईं। इस रिसेप्शन के दौरान विजय की मुलाकात वाईएस जगन मोहन रेड्डी और बिजनेसमेन गौतम अडाणी से भी हुई, जहां तीनों ने एक साथ तस्वीरें खिंचवाईं।

यह पहला मौका नहीं है जब विजय और तृषा किसी शादी समारोह में एक साथ दिखाई दिए हैं। इससे पहले मार्च में दोनों चेन्नई में फिल्म निर्माता कलपति एस. सुरेश के बेटे के रिसेप्शन में साथ पहुंचे थे।

वह वाकया विजय की पत्नी संगीता की ओर से तलाक की अर्जी दाखिल करने के तुरंत बाद का था। हालांकि, बाद में संगीता ने तलाक की अर्जी वापस ले ली थी, लेकिन विजय और तृषा का सार्वजनिक रूप से साथ दिखना जारी रहा।

सितंबर महीने में विजय और तृषा ब्रिटेन के सिल्वरस्टोन सर्किट में भी एक साथ देखे गए थे, जहां अभिनेता अजित कुमार ने मिशेलिन ले मैंस कप रेस में हिस्सा लिया था।

विजय उस इवेंट में चीफ गेस्ट के रूप में शामिल हुए थे और रेस की शुरुआत के लिए हरी झंडी दिखाई थी। वहीं, तृषा अपनी शूटिंग के सिलसिले में यूके में थीं और विजय के साथ अजित को सपोर्ट करने पहुंची थीं।

तृषा कृष्णन ने कई मौकों पर अभिनेता विजय को अपना बेहद करीबी दोस्त बताया है। दोनों ने तमिल सिनेमा में कई सुपरहिट फिल्मों में एक साथ काम किया है। हाल के दिनों में राजनीतिक और व्यक्तिगत व्यस्तताओं के बावजूद दोनों सार्वजनिक कार्यक्रमों और पारिवारिक आयोजनों में एक साथ नजर आ रहे हैं, जिससे दोनों के बीच अफेयर की चर्चा बनी हुई है।