12वीं की छात्रा को एक्स्ट्रा क्लास के बहाने बुलाकर कोचिंग टीचर ने किया दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार
ग्वालियर के थाटीपुर थाना क्षेत्र में एक कोचिंग क्लासेस के संचालक ने 12वीं की छात्रा से रेप किया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने संबंधित धाराओं और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना 24 सितंबर की है। छात्रा ने महिला पुलिस अफसरों को बताया कि हमारे बैच की छुट्टी थी, लेकिन सर ने मुझे कोचिंग पर बुलाया था। सुबह 8.30 बजे मैं वहां पहुंची। इसके बाद सर गंदी हरकत करने लगे। मैंने विरोध किया तो वे चोटी पकड़ घसीटते हुए अपने कमरे में ले गए और चिल्लाने पर मुंह दबा दिया।
इसके बाद दुष्कर्म किया। किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी, जिससे मैं डर गई और कई दिनों तक खामोश रही। कोचिंग न जाने पर मामा की सख्ती और पूछताछ के बाद मामला सामने आया, जिसके बाद सोमवार को पुलिस ने रेप का मामला दर्ज किया है। साथ ही सोमवार को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
15 वर्षीय छात्रा बचपन से अपने मामा के घर रहकर पढ़ाई कर रही है। वह 12वीं बोर्ड की तैयारी के लिए शासकीय क्वार्टर स्थित एक कोचिंग क्लासेस जाती थी, जहां सत्यजीत शाक्य उसे पढ़ाता था। छात्रा कोचिंग पहुंची। उसे जानकारी नहीं थी कि उस दिन कोचिंग की छुट्टी है और 10वीं के बच्चे जा चुके हैं। कोचिंग परिसर में ही शिक्षक का निवास भी है। जब छात्रा काफी देर तक अकेली बैठी रही और उसने अन्य बच्चों के न आने का कारण पूछा, तो आरोपी कोचिंग संचालक की नियत बिगड़ गई।
छात्रा के सवाल पूछते ही आरोपी सत्यजीत उसके पास आया और हाथ पकड़ लिया। जब छात्रा ने विरोध किया, तो आरोपी ने बर्बरता दिखाते हुए उसकी चोटी पकड़ी और घसीटता हुआ अपने कमरे में ले गया। छात्रा ने शोर मचाने की कोशिश की तो आरोपी ने उसका मुंह दबा दिया और उसके साथ दुष्कर्म की वारदात की। वारदात के बाद आरोपी ने उसे धमकी दी कि यदि किसी को कुछ बताया तो जान से मार देगा।
घटना के बाद छात्रा की तबीयत बिगड़ गई, लेकिन डर और पारिवारिक परिस्थितियों के कारण वह चुप रही। छात्रा के मुताबिक उस समय उसकी मामी का ऑपरेशन होना था, इसलिए वह घर का माहौल खराब नहीं करना चाहती थी। हालांकि, दहशत के कारण उसने कोचिंग जाना पूरी तरह बंद कर दिया। कई दिनों तक कोचिंग न जाने पर जब मामा को शंका हुई और उन्होंने प्यार व सख्ती से पूछताछ की, तो पीड़िता फूट-फूटकर रो पड़ी और आपबीती सुनाई।
घटना की सच्चाई सामने आते ही मामा पीड़िता को लेकर तुरंत थाटीपुर थाने पहुंचे और लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने पीड़ित छात्रा की शिकायत पर कोचिंग संचालक पर बंधक बनाकर दुष्कर्म करने व धमकाने का मामला दर्ज कर लिया है।
