कॉकरोच जनता पार्टी का प्रदर्शन तीसरे दिन भी जारी, जंतर-मंतर पर मोमबत्तियां लेकर आने की अपील

NEET पेपर लीक के विरोध में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का जंतर-मंतर पर प्रदर्शन सोमवार को तीसरे दिन भी जारी है। प्रदर्शनकारी शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। प्रदर्शन का नेतृत्व CJP फाउंडर अभिजीत दीपके और उनके समर्थक कर रहे हैं। CJP ने NEET पेपर लीक में सुसाइड करने वाले छात्रों को श्रद्धांजलि देने के लिए आज शाम 5:30 बजे प्रदर्शनकारियों से जंतर-मंतर पर मोमबत्तियां लेकर आने की अपील की। उन्होंने वीडियो जारी करते हुए कहा कि हजारों लोग जंतर-मंतर पर आ रहे हैं और यह प्रदर्शन धीरे-धीरे मजबूत हो रहा है। पुलिस से डरने की कोई जरूरत नहीं है, वे हमारे साथ हैं। इससे पहले दीपके ने रविवार को कहा था कि जब किसान अपने अधिकारों की लड़ाई लड़ रहे थे, तब छात्रों ने उनका साथ दिया था। अब छात्रों को किसानों की जरूरत है। उन्होंने देशभर के किसानों से जंतर-मंतर पहुंचकर आंदोलन में शामिल होने की अपील की।

दिल्ली पुलिस ने इस प्रदर्शन के लिए केवल शनिवार शाम 5 बजे तक की अनुमति दी थी। शाम होने पर जब प्रदर्शनकारियों से जगह खाली करने के लिए कहा गया, तो उन्होंने इनकार कर दिया और वे रातभर जंतर-मंतर पर ही बैठे रहे। अभिजीत ने रविवार को पुलिस पर आरोप लगाया कि वह उन लोगों से आधार कार्ड मांग रही है या उनका पता पूछ रही है जो प्रदर्शनकारियों को खाने-पीने या किसी और तरीके से मदद कर रहे हैं। रविवार को कई लोग प्रदर्शनकारियों के लिए फल और जूस लेकर पहुंचे।

अभिजीत ने आरोप लगाया कि शनिवार रात जंतर-मंतर पर टॉयलेट्स में पानी नहीं आ रहा था। उन्होंने X पर लिखा- अधिकारियों से अपील करता हूं कि जंतर-मंतर प्रदर्शन स्थल के शौचालयों का पानी बंद न किया जाए। शनिवार रात से सार्वजनिक शौचालयों में पानी नहीं आ रहा है। प्रदर्शनकारियों का यह भी कहना था कि रात में कुछ समय के लिए लाइट बंद कर दी गई थी, जिसके चलते टॉयलेट तक पहुंचने में दिक्कत हुई।