चंदौली में कोडिन कफ सिरप तस्करी का मुख्य आरोपी पकड़ा गया
चंदौली जिले की अलीनगर पुलिस ने कोडिन कफ सिरप तस्करी के एक मामले में फरार चल रहे 25 हजार के इनामी अपराधी दयाशंकर सिंह को गिरफ्तार किया है। उसे बुधवार को महादेवपुर अंडरपास के पास से दबोचा गया। आरोपी के खिलाफ अलीनगर थाने में मुकदमा दर्ज था। पुलिस टीम अब आरोपी से पूछताछ कर उसके नेटवर्क को खंगाल रही है। यह मामला 22 जुलाई का है, जब अलीनगर पुलिस ने रिंग रोड स्थित कोरी अंडरपास के पास से एक लावारिस ट्रक बरामद किया था।
ट्रक की तलाशी के दौरान मुर्गी के दाने के नीचे छिपाकर रखी गई 72 पेटियों में कुल 7,200 शीशी (720 लीटर) अवैध कोडिन कफ सिरप और एस्कफ सिरप बरामद किया गया था। इस बरामदगी के आधार पर अलीनगर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया।
जांच में सामने आया कि फिरोजाबाद जनपद के मतसेना थानाक्षेत्र के जमालपुर गांव का दयाशंकर सिंह इस कोडिन सिरप तस्करी का मुख्य आरोपी है। इसके बाद एसपी आकाश पटेल ने उसकी गिरफ्तारी के लिए 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
इसी मामले की जांच के दौरान पुलिस ने महादेवपुर अंडरपास के पास से मुख्य आरोपी दयाशंकर सिंह को पकड़ा। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वाराणसी से गुवाहाटी जा रहे मुर्गी दाने की बोरियों के बीच प्रयागराज में कोडिन युक्त कफ सिरप छिपाकर लोड किया गया था, जिसे पश्चिम बंगाल ले जाना था। उसने यह भी बताया कि 22 जुलाई को पुलिस से बचने के लिए वह मौके से भाग निकला था।
