मध्य और उत्तर छत्तीसगढ़ में शीतलहर का अलर्ट, अंबिकापुर सबसे ठंडा, यहां न्यूनतम तापमान 5.5 डिग्री

छत्तीसगढ़ में ठंड ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ के कई जिलों में शीतलहर के हालात बने हुए हैं। लगातार ठंडी और शुष्क हवाओं के कारण तापमान में और गिरावट दर्ज की जा रही है, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है। मौसम विभाग के अनुसार इस समय पश्चिमी विक्षोभ प्रभावी नहीं हो पा रहा है। आमतौर पर पश्चिमी विक्षोभ बादल और नमी लेकर आता है, जिससे ठंड की तीव्रता कुछ कम हो जाती है। लेकिन इस बार विक्षोभ कमजोर और शुष्क रहने के कारण ठंडी हवाओं को रोकने में नाकाम साबित हो रहा है। इसी वजह से प्रदेश में कड़ाके की ठंड बनी हुई है।

उत्तर छत्तीसगढ़ के इलाकों में सुबह और रात के समय घना कोहरा और धुंध देखी जा रही है। इससे दृश्यता कम हो रही है और सड़क यातायात पर भी असर पड़ रहा है। खासकर ग्रामीण इलाकों में लोग अलाव और गर्म कपड़ों का सहारा ले रहे हैं। ठंड का सबसे ज्यादा असर सरगुजा संभाग में देखा गया। अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 5.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सीजन के सबसे कम तापमानों में से एक है। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक आने वाले कुछ दिनों तक ठंड से राहत मिलने की संभावना कम है। अगले 2–3 दिनों तक शीतलहर की स्थिति बनी रह सकती है। रात और सुबह के समय ठंड अधिक महसूस होगी, तापमान में मामूली उतार-चढ़ाव भी संभव है। कोहरा और धुंध का प्रभाव जारी रहने की संभावना वहीं हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *