राजस्थान में शीतलहर.. 16 शहरों में पारा 10° से नीचे, MP में 5.8° के साथ राजगढ़ सबसे ठंडा

पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी से कड़ाके की ठंड पड़ रही है। राजस्थान में पिछले 24 घंटे के दौरान सबसे ज्यादा ठंडा मौसम माउंट आबू रहा। यहां न्यूनतम तापमान जीरो डिग्री दर्ज किया गया। इसके अलावा कई शहरों में रात का पारा सामान्य से 5 डिग्री नीचे है। मंगलवार रात 16 शहरों में पारा 10 डिग्री से नीचे रहा। माैसम विभाग के अनुसार बुधवार को आधे राजस्थान में शीतलहर चलेगी। मध्य प्रदेश में मंगलवार को भोपाल समेत प्रदेश के 17 जिलों में शीतलहर चल रही है। इस बीच, भोपाल में न्यूनतम तापमान में 3 डिग्री का इजाफा हुआ है। पारा चढ़कर 8.2 डिग्री पर पहुंच गया। पचमढ़ी में तापमान 6.4 और इंदौर में 7.7 डिग्री दर्ज किया गया। 5.8 डिग्री तापमान के साथ राजगढ़ प्रदेश में सबसे ठंडा शहर रहा। भोपाल में लगातार 11वें दिन शीतलहर चली। नवंबर की ठंड का ऑल टाइम रिकॉर्ड पहले ही बन चुका है।

हिमाचल प्रदेश में शीतलहर के चलते ठंड लगातार बढ़ रही है। लाहौल और कुल्लू में झरने भी जमने लगे हैं। राज्य के आठ स्थानों पर न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से भी नीचे रिकॉर्ड किया गया है। मंगलवार को कुकुमसेरी (-5.1 डिग्री से.) सबसे ठंडा रहा। इसके अलावा केलांग में -0.2, कल्पा में 2.6, मनाली में 2.9, सेऊबाग में 2.0 और भुंतर में 4.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।