कॉलेज में एडमिशन 19 सितंबर तक , उच्च शिक्षा विभाग ने जारी किया आदेश
रायपुर। प्रदेश के विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में दाखिले की अंतिम तिथि बढ़ा दी गई है। यहां अब 19 सितंबर तक प्रवेश हो सकेंगे। इसके लिए उच्च शिक्षा विभाग द्वारा आधिकारिक अधिसूचना भी जारी कर दी गई है। यह दूसरी बार है, जब महाविद्यालयों में प्रवेश तिथि बढ़ाई गई है। सर्वप्रथम दाखिले की अंतिम तिथि 14 अगस्त तय की गई थी। इसके बाद इसमें अगस्त अंत तक वृद्धि की गई। अब पुनः छात्रों को मौका दिया जा रहा है। उच्च शिक्षा विभाग के अनुसार, कई छात्र-छात्राओं के आवेदन एवं सीटें रिक्त होने की स्थिति को ध्यान में रखते हुए तिथि में वृद्धि करने का निर्णय लिया गया। उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा ने कहा, सरकार प्रदेश के युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। किसी भी मेधावी या इच्छुक छात्र का साल खराब न हो, इसी सोच के साथ प्रवेश की तिथि बढ़ाई गई है।
इस निर्णय से उन सभी विद्यार्थियों को अवसर मिलेगा जो किसी कारणवश अब तक दाखिला नहीं ले पाए थे। जो छात्र-छात्राएं अभी तक प्रवेश नहीं ले पाए है, ऐसे विद्यार्थी जल्द प्रवेश प्रक्रिया पूर्ण करें। गौरतलब है कि, प्रदेश के महाविद्यालयों और विश्वविद्यालयों में सीटें पूर्ण रूप से अभी भर नहीं पाई हैं। शासकीय महाविद्यालयों की स्थिति अपेक्षाकृत बेहतर है, लेकिन निजी महाविद्यालय छात्रों के लिए संघर्ष कर रहे हैं।
शुक्रवार को ही उच्च शिक्षा विभाग द्वारा तिथि वृद्धि संबंधित आदेश जारी किए जाने के पूर्व रविवि द्वारा भी एक आदेश जारी किया गया। इसमें रविवि ने महाविद्यालयों से कहा कि वे उन छात्रों को दाखिले के लिए विवि ना भेजें, जो तय वक्त पर प्रवेश नहीं ले सके हैं। रविवि ने अपने आदेश में कहा, समस्त स्नातक-स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम के प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश की अंतिम तिथि 31 अगस्त निर्धारित की गई थी। महाविद्यालय निर्धारित तिथि तक प्रवेश नहीं लेने वाले छात्रों को विश्वविद्यालय से संपर्क करने के लिए निर्देशित कर रहे हैं। उच्च शिक्षा विभाग द्वारा तिथि वृद्धि पश्चात अब छात्रों व महाविद्यालयों को राहत मिलेगी।
रविवि के मुताबिक, महाविद्यालय में सीटें रिक्त होने की स्थिति में निर्धारित तिथि समाप्त होने के पश्चात ऑफलाइन आवेदन करने वाले छात्रों की सूची संलग्न कर महाविद्यालय द्वारा भी विशेष अनुमति के लिए विश्वविद्यालय प्रेषित किया जा रहा हैं। चूंकि शासन द्वारा तय तिथि समाप्त हो चुकी है। अतः समस्त महाविद्यालयों को सूचित किया जाता है कि निर्धारित तिथि समाप्त होने के पश्चात प्रवेश से संबंधित किसी भी प्रकार का आवेदन विश्वविद्यालय प्रेषित ना करें एवं महाविद्यालय से संपर्क करने वाले छात्रों को विवि में प्रवेश की विशेष अनुमति के लिए संपर्क एवं पत्र व्यवहार नहीं करने के लिए निर्देशित करें।
