हरदोई में रंग लगाने को लेकर भिड़े बराती… छेड़छाड़ का आरोप

राष्ट्रीय

उत्तरप्रदेश : दुल्हन की विदाई से पहले दूल्हे के दोस्तों ने दुल्हन की सखियों पर रंग डाल दिया। इस पर छेड़छाड़ का आरोप लगाते हुए दोनों पक्ष आपस में भिड़ गए। मारपीट के साथ काफी देर तक हंगामा होता रहा। पुलिस के पहुंचते ही दुल्हन विदा कराए बिना दूल्हा बारातियों के साथ चंपत हो गया। रविवार को कस्बे के ठाकुरगंज नटपुरवा में बारात आई थी। रातभर शादी की रस्में हर्षोल्लास के साथ पूरी हुईं। सोमवार की दोपहर विदाई के ठीक पहले दोनों पक्षों के लोग एक-दूसरे को रंग लगाने लगे। आरोप है कि वर पक्ष के लोगों ने दुल्हन की सखियों पर रंग डाल कर छेड़छाड़ शुरू कर दी। कन्या पक्ष ने जब विरोध किया तो दोनों पक्ष के कई युवक और महिलाएं आपस में भिड़ गए। इसके बाद बारातियों ने एकजुट होकर दुल्हन के परिजनों को पीट दिया। इसमें दो लोग घायल भी हुए। दोनों पक्ष मोहल्ले से निकल कर कस्बे के मुख्य मार्ग पर भिड़ गए। बवाल की सूचना पर पहुंची स्थानीय कोतवाली पुलिस ने मामले को शान्त कराया। पुलिस आने से पहले ही बिना दुल्हन दूल्हा बरातियों के साथ फरार हो गया। छानबीन की जा रही है। तहरीर मिलने पर उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।