कौशांबी में रंगभरी होली की बारात में बवाल, पथराव से मची अफरा-तफरी, इलाके में भारी पुलिस बल तैनात

उत्तर प्रदेश : कौशांबी जिले के सराय अकिल कस्बे में रविवार को निकाली जा रही ऐतिहासिक रंगभरी होली की बारात के दौरान अचानक हुए पथराव ने पूरे इलाके का माहौल तनावपूर्ण बना दिया. दो पक्षों के बीच कहासुनी के बाद शुरू हुए विवाद ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे. सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हालात को काबू में किया और इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया. जानकारी के अनुसार, सराय अकिल नगर पंचायत के बुद्धपुरी ब्राह्मण टोला से हर वर्ष की तरह इस बार भी रंगभरी होली की पारंपरिक और भव्य बारात निकाली गई थी. यह बारात नगर के विभिन्न मार्गों से होते हुए आगे बढ़ रही थी. जब जुलूस भावनटोलीया और मौलवीगंज मोहल्लों के बीच पहुंचा, तभी किसी बात को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी हो गई. कुछ ही देर में यह विवाद बढ़ गया और दोनों ओर से पथराव शुरू हो गया.

अचानक हुए इस घटनाक्रम से बारात में शामिल लोगों के बीच भगदड़ जैसी स्थिति बन गई. कई लोग अपनी सुरक्षा के लिए दुकानों और घरों की ओर भागते दिखाई दिए. स्थानीय लोगों का कहना है कि इतने बड़े पारंपरिक आयोजन के बावजूद सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए थे. उनका आरोप है कि पहले ऐसे आयोजनों में संभावित विवादों को देखते हुए पीएसी और बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की जाती थी, लेकिन इस बार मौके पर केवल एक दरोगा और कुछ सिपाही ही मौजूद थे, जिससे स्थिति संभालना मुश्किल हो गया.

पथराव की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन तुरंत हरकत में आया. सराय अकिल थाना पुलिस के साथ-साथ आसपास के दो अन्य थानों से अतिरिक्त बल बुलाया गया और इलाके में गश्त तेज कर दी गई. इसके बाद स्थिति धीरे-धीरे नियंत्रण में लाई गई.
सराय अकिल थाना प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि दो गुटों के बीच मारपीट की सूचना के बाद पथराव हुआ था. एक पक्ष की ओर से लिखित शिकायत दी गई है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल क्षेत्र में शांति बनाए रखने के लिए पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है.