कॉमेडियन कुणाल कामरा की टी-शर्ट पर विवाद, कुत्ते के साथ RSS जैसा शब्द लिखा, भाजपा ने परिणाम भुगतने की चेतावनी

कॉमेडियन कुणाल कामरा फिर से विवादों में हैं। सोशल मीडिया पर उनकी एक तस्वीर वायरल हो रही है, जिसमें वह एक टी-शर्ट पहने नजर आ रहे हैं। टी-शर्ट पर कुत्ते की फोटो और ‘RSS’ जैसा दिखने वाला अक्षर छपा है। हालांकि ‘R’ पूरी तरह साफ नहीं है, जिससे कुछ लोगों ने इसे ‘PSS’ भी पढ़ा। कामरा ने यह तस्वीर 24 नवंबर को अपने X (पूर्व ट्विटर) अकाउंट पर पोस्ट की थी। फोटो के साथ उन्होंने लिखा, “यह फोटो किसी कॉमेडी क्लब की नहीं है।” मार्च 2025 में कामरा ने महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री पर पैरोडी सॉन्ग किया था, जिसके बाद हैबिटेट कॉमेडी क्लब में शिवसेना समर्थकों ने तोड़फोड़ की थी। टी-शर्ट पर बनी लिखावट और डिजाइन पर भाजपा और शिवसेना नेताओं ने कड़ी आपत्ति जताई है। आरोप है कि कामरा ने इसके जरिए RSS का मजाक उड़ाया है। पुलिस ने कहा है कि मामले की जांच जारी है और जरूरत पड़ने पर कार्रवाई की जाएगी। शिवसेना (शिंदे गुट) के मंत्री संजय शिरसाट ने कहा कि RSS को इस पर कड़ा जवाब देना चाहिए। कामरा पहले भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे पर कई बार तीखी टिप्पणियां कर चुके हैं।

स्टैंडअप कॉमेडियन कामरा मार्च 2025 में अपने शो में शिंदे के राजनीतिक करियर पर कटाक्ष कर चुके थे। उन्होंने फिल्म ‘दिल तो पागल है’ के एक गाने की पैरोडी में शिंदे को गद्दार कहा और शिवसेना-एनसीपी के विभाजन पर मजाकिया कमेंट किया।

इस वीडियो के सामने आने के बाद 23 मार्च की रात, शिवसेना शिंदे गुट के समर्थकों ने मुंबई के खार स्थित हैबिटेट कॉमेडी क्लब में तोड़फोड़ की थी। इसके अलावा कामरा के खिलाफ मुंबई के कई थानों में केस भी दर्ज किए गए थे।